छतीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में शराब और कोयला घोटाले पर गरमाई सियासत: बीजेपी सांसद संतोष पांडेय ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

रायपुर: बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर आज आरोपों की झड़ी लगा दी. बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पांच सालों के कार्यकाल में राज्य में कोयला, शराब और सट्टा जैसे अनेक घोटालों के माध्यम से भारी लूट मचाई गई, जिससे छत्तीसगढ़ की छवि पूरे देश में धूमिल हुई. भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कांफ्रेंस लेकर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा.

बीजेपी ने लगाई कांग्रेस पर आरोपों की झड़ी

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा, “3,200 करोड़ से अधिक के शराब घोटाले के मामले में 20 व्यक्तियों और 22 फर्मों और कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान पेश किया गया. इस मामले में कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रहे रामगोपाल अग्रवाल, यश टुटेजा, अनवर ढेबर, बी.आर. लोहिया, कुमार भाई ठक्कर उर्फ रंजन ठक्कर (जिनके खिलाफ फरारी में चालान पेश हुआ है) सहित अन्य कई व्यक्तियों जिसमें प्रवीण केडिया, राजेंद्र जायसवाल, चुन्नू जायसवाल, भूपेंद्र पाल सिंह भाटिया, गोल्डी भाटिया, प्रिंस भाटिया और कंपनियों के नाम शामिल हैं.

फर्जी परिवहन परमिट बनाने का आरोप

बीजेपी सांसद ने कांग्रेस की सरकार में हुए कथित घोटाले के तौर-तरीकों का ब्योरा देते हुए कहा, ”डिस्टिलरी संचालकों से वैध शराब की आपूर्ति पर कमीशन लेने के साथ-साथ बिना आबकारी शुल्क चुकाए अवैध शराब (पार्ट-बी शराब) तैयार कराई गई. सरकारी दुकानों के माध्यम से उसकी अवैध बिक्री की गई. इसी तरह अतिरिक्त खाली बोतलों की आपूर्ति और फर्जी परिवहन परमिटों के जरिए अवैध शराब को दुकानों तक पहुंचाया गया.”

संतोष पांडेय ने कहा, ”पार्ट-बी शराब की बिक्री से मिलने वाली नकद रकम को अलग रखकर सिंडिकेट की अवैध बिक्री में मदद पहुंचाई गई. एफ एल-10 ए लाइसेंसी कंपनियों के माध्यम से विदेशी शराब की आपूर्ति पर कमीशन वसूला गया. हवाला और आंगड़िया नेटवर्क के जरिए अवैध धन को देश के विभिन्न शहरों और विदेश (दुबई) तक भेजा गया. इस अवैध नकद राशि को बैंक एंट्री के माध्यम से अनसिक्योर्ड लोन दिखाकर जमीन और अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया.”

शराब घोटाले का उठाया मुद्दा

बीजेपी मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कहा, “कोरोना महामारी के लॉकडाउन के दौरान सिलतरा (रायपुर) स्थित एन.वी. डिस्टिलरी में नया उत्पादन कर और पहले से रखी शराब को होटल-बार के जरिए अवैध रूप से बेचने के साक्ष्य भी चालान में शामिल हैं. संतोष पाण्डेय ने मांग की कि राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ के निर्माण से जुड़े सभी कागजात सार्वजनिक किए जाएं. प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यालयों को राजसात किए जाए.”

बीजेपी सांसद की मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग

मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कहा, “कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग की गई कि वे सभी दागी नेताओं को उनके राजनीतिक दायित्वों से तत्काल मुक्त करें. छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगें. भूपेश बघेल पूरी कांग्रेस पार्टी के लिए “एटीएम” की तरह काम कर रहे थे. अतः इस प्रकार के संगठित भ्रष्टाचार के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक मान्यता भी रद्द की जानी चाहिए.”

भ्रष्टाचार कर कांग्रेस ने किया राज्य को कलंकित: बीजेपी

सांसद ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ”कांग्रेस नेताओं ने भ्रष्टाचार कर छत्तीसगढ़ को कलंकित किया. प्रदेश की छवि देश भर में खराब की. प्रदेश से इन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए. अगर कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व इन घोटालेबाजों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करता, तो इसका मतलब है कि वह भी इसमें शामिल हैं. छत्तीसगढ़ के संसाधनों की चोरी करने वाले अब वोट चोरी की बात कर रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए. कांग्रेस ने प्रदेश के भरोसे की चोरी की है. जनता के विश्वास पर डाका डाला है. भाजपा तथ्यों को जुटा कर राज्यपाल, चुनाव आयोग और सभी संबंधित संवैधानिक संस्थाओं को ज्ञापन देकर कार्रवाइ की मांग करेगी.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button