यूपी चुनाव के लिए भाजपा का ‘मिशन 2027’: दिल्ली के सियासी बवाल के बीच मैदान में उतरी बीजेपी, बूथ और शक्ति केंद्रों को किया अलर्ट

दिल्ली में हो रही आंदोलनों की राजनीति से मचे बबाल के बीच भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए अपनी चुनावी जमीनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकों के दौर शुरू कर दिए हैं, तो दिल्ली में केंद्रीय नेता रणनीतिक बैठकें कर रहे हैं। पार्टी की कोशिश बूथ और शक्ति केंद्रों को सक्रिय कर उनको चुनावी मोड में लाना है। इस दौरान संगठन में आए नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ खुद को जोड़ने में जुटे हैं। अगले साल की शुरुआत में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा और अहम उत्तर प्रदेश है। भाजपा यहां पर 2017 से लगातार सत्ता में है, इसलिए भी वह हर हाल में यहां पर सत्ता बरकरार रखना चाहती है।
हालांकि, बीते कुछ समय से विपक्ष के तेवर बेहद तीखे हैं और दिल्ली की सड़कों पर आंदोलनकारी सरकार की मुसीबत बने हुए हैं। कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक और कॉकरोच जनता पार्टी के लगातार हो रहे प्रदर्शनों के असर से उत्तर प्रदेश को दूर रखने के लिए भाजपा ने अपनी संगठन शक्ति को मैदान में उतार दिया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेताओं का मानना है कि राज्य में मुख्य मुकाबला सपा से है। कांग्रेस का राज्य में कोई खास असर नहीं है। ऐसे में दिल्ली के आंदोलनों से उत्तर प्रदेश पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सभी सह प्रभारियों को सक्रिय किया
राज्य के संगठन प्रभारी महासचिव विनोद तावड़े ने अपने चारों सह प्रभारियों को उनके आवंटित क्षेत्रों में सक्रिय कर दिया है और उन्होंने क्षेत्रीय टीमों के साथ बैठकों की शुरुआत कर दी है। दीपावली के पहले सभी क्षेत्रीय प्रभारी विधानसभावार बूथ और शक्ति केंद्रों की बैठकों का एक दौर पूरा कर लेंगे और जमीनी बैठकों के साथ चुनावों के लिए टीमों का गठन भी कर देंगे।
केंद्रीय नेतृत्व लगातार ले रहा राज्य का फीडबैक
दिल्ली में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी लगातार राज्य का फीडबैक ले रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के केंद्रीय नेता भी दशहरा के बाद राज्य के बड़े पैमाने पर दौरे करेंगे। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस माह कम से कम एक दौरा उत्तर प्रदेश का कर सकते हैं। अगले माह से बड़े नेताओं के राज्य में नियमित दौरे होंगे।
यूपी में रैलियों की शुरुआत करेंगे मोदी
यूपी चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी अक्तूबर के आखिरी सप्ताह से कई रैलियों और कार्यक्रम की शुरुआत कर सकते हैं। प्रदेश के 18 मंडलों में प्रधानमंत्री के करीब एक दर्जन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इन प्रस्तावित कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी परियोजनाओं का उद्घाटन, विकास कार्यों की आधारशिला और प्रधानमंत्री की जनसभाएं शामिल हो सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को वाराणसी जाएंगे, जहां वे नमो घाट पर होने वाले एयर शो में शामिल होंगे।





