राज्यहरियाणा

सीएम नायब सैनी का स्वागत: केंद्रीय बजट से राखीगढ़ी और हरियाणा को मिलेगा नया विकास पथ

चंडीगढ़/अंबालाः हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय ‘पंचकमल’ में बैठकर बजट का लाइव प्रसारण देखा. सीएम ने बजट 2026-27 की तारीफ किया और राज्य के लिए बजट में किए गए प्रावधान की तारीफ की. राज्य के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए बजट में की गई घोषणा पर सीएम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा कि “केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा आज प्रस्तुत विकसित भारत बजट 2026-27 में हरियाणा के राखीगढ़ी को देश के 15 ‘आइकॉनिक पुरातात्विक स्थलों’ की सूची में शामिल किए जाने की घोषणा पर मैं हरियाणा के समस्त परिवारजनों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं. केंद्र सरकार की इस पहल से विश्व की सबसे प्राचीन और विशाल सिंधु-सरस्वती सभ्यता के इस महत्वपूर्ण केंद्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी. राखीगढ़ी में पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु पाथ-वे (पर्यटकों के लिए सुव्यवस्थित आवागमन मार्ग), स्थानीय गाइडों की नियुक्ति और सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.”

हरियाणा विकास यात्रा का ग्रोथ इंजन बनेगाः सीएम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर एक अन्य पोस्ट में लिखा कि “आगामी वित्त वर्ष 2026-27 के बजट के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को हार्दिक बधाई. यह विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाला एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक दस्तावेज है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत बजट के माध्यम से 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में यह एक मजबूत कदम है. यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर,कृषि,मैन्युफैक्चरिंग,टेक्नोलॉजी और रोजगार पर केंद्रित होने के साथ ही हरियाणा को देश की विकास यात्रा का ग्रोथ इंजन बनाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है.”

2026-27 के बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है’: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज अपना नौंवा यूनियन बजट पेश किया गया है. इस बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि” प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की तरफ बुलेट ट्रेन की स्पीड पर देश को उस तरफ ले जाने के लिए इस बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है. MSME की तरफ विशेष ध्यान दिया गया है. फार्मा और कपड़े बनाने की तरफ विशेष ध्यान दिया गया है. ये सब आम आदमी से जुड़ी चीजें हैं. कैंसर की दवाओं पर ड्यूटी कम हुई है. देश में आयुष्मान विश्वविद्यालय AIMS बनाने की घोषणा की है. आयुर्वेद को बढ़ावा मिलने की बात कही है, कई फ्रेट कॉरिडोर बनाने की बात कही गई है. इस बजट में नॉर्थ ईस्ट की तरफ विशेष ध्यान दिया गया है. जहां पूर्व की कांग्रेस सरकार ने कभी ध्यान नहीं दिया था, नॉर्थ ईस्ट में बुद्ध कॉरिडोर बनाने की बात कही गई है. ये बजट हर वर्ग का ख्याल रखा गया है.”

केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली नई दिशा’ : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

केंद्रीय बजट 2026–27 का हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि “बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए की गई घोषणाएं हरियाणा में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करेंगी और आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी. स्वास्थ्य मंत्री ने कैंसर रोगियों को राहत देने के लिए 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट और सात दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए प्रयुक्त दवा एवं अन्य सामान पर आयात शुल्क में छूट के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा.”

तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की होगी स्थापनाः आयुष को लेकर किए गए प्रावधानों पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि “योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर मिली पहचान भारत की सांस्कृतिक विरासत की शक्ति को दर्शाती है. तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना, आयुष फार्मेसियों और ड्रग टेस्टिंग लैब्स के उन्नयन और पारंपरिक चिकित्सा पर प्रमाण-आधारित शोध को बढ़ावा देने से औषधीय पौधों की खेती करने वाले किसानों और इससे जुड़े युवाओं को लाभ होगा. उन्होंने जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन के उन्नयन के प्रस्ताव का भी स्वागत किया.”

अब राखीगढ़ी में जीवंत होगी सिंधु–सरस्वती सभ्यता, 500 करोड़ रुपये होंगे खर्च : डॉ. अरविंद शर्मा

सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विरासत संजोने के संकल्प को धरातल पर लाने की दिशा में देश में 15 पुरातात्विक स्थलों में राखीगढ़ी को शामिल करने की आम बजट में घोषणा होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि “राखीगढ़ी में सिंधु–सरस्वती सभ्यता को जीवंत रूप देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. ऐतिहासिक महानगर राखीगढ़ी के टीलों पर होने वाले व्यापक उत्खनन से इस प्राचीन सभ्यता से जुड़े कई पुष्ट और वैज्ञानिक तथ्य सामने आएंगे, जिससे भारत के गौरवशाली अतीत को नई पहचान मिलेगी.”

‘भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर मजबूती मिलेगी’: पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि “राखीगढ़ी विश्व की सबसे प्राचीन और विकसित सभ्यताओं में से एक का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. आम बजट में राखीगढ़ी को देश की 15 पुरातात्विक स्थलों में शामिल किए जाने से इसके विकास को गति मिलने जा रही है. यहां नियोजित उत्खनन और शोध कार्यों से न केवल इतिहास के कई अनछुए पहलू उजागर होंगे, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर मजबूती मिलेगी. वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राखीगढ़ी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का म्यूजियम स्थापित करने समेत विभिन्न परियोजनाओं पर 203 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है, जिसमें 78 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं. इसमें पुरातात्विक स्थल के निकट पर्यटन अवसंरचना का निर्माण, धरोहर स्थल और इसके आसपास बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना, आगंतुकों को समग्र अनुभव प्रदान करने वाला वातावरण बनाना व क्षेत्र के स्थानीय लोगों के आर्थिक विकास को बढ़ावा देना शामिल है.” कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि “केन्द्र सरकार भारतीय सर्वेक्षण ब्यूरो द्वारा संरक्षित राखीगढ़ी के सभी टीलों के विकास, उत्खनन और गांव के विकास पर 500 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button