निगोहां प्रेस क्लब में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस, झंडा रोहण कर ली गई शपथ

निगोहां। आज निगोहां प्रेस क्लब कार्यालय पर गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति पूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी व अध्यक्ष विमल सिंह चौहान जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी सदस्यों और अतिथियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण में देशभक्ति का संचार हो गया।इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री विमल सिंह चौहान जी ने उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला और उन स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की आजादी और संप्रभुता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने पत्रकारिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी पत्रकारों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ पालन करने का आह्वान किया। स्थानीय पत्रकार बंधु और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को मिष्ठान्न वितरण किया गया और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया गया। इस आयोजन ने निगोहां में एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया।





