काशी से आज शुरू होगा प्रदेशव्यापी पोषण माह, ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम

वाराणसी। प्रधानमंत्री के विजन सुपोषित भारत के तहत आज बुधवार को काशी से प्रदेशव्यापी पोषण माह (9 सितंबर से 8 अक्टूबर) का शुभारंभ होगा। सिगरा स्थित रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन होगा।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी इसका उद्घाटन करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास सावित्री ठाकुर और प्रदेश की महिला कल्याण बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य की भी मौके पर मौजूदगी रहेगी।
इस बार की थीम ‘हमारी आंगबनाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए काशी की धरती से 30 दिवसीय अभियान की शुरुआत के साथ ही आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं।
इस दौरान सीएम व केंद्रीय मंत्री चार थीम आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व व जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन की शुरुआत करेंगे। पूरे कार्यक्रम का वेब कास्ट भी होगा। webcast.gov.in/mwcd के माध्यम से नौ सितंबर की सुबह 11 बजे से प्रदेश के सभी जिलों में इसका सजीव प्रसारण देखा जा सकेगा।
जिलों में बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और लाभार्थियों के साथ ही उनके अभिभावक भी कार्यक्रम देखेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पीएम मातृत्व वंदन योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में योजना के अनुसार प्रोत्साहन राशि भी स्थानांतरित कर सकते हैं। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह न बताया कि कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है।
आज कई कार्यक्रम में भाग लेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी एक दिवसीय काशी दौरे में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सूत्रों के मुताबिक योगी बुधवार को 11 बजे के करीब पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेगे। इसके बाद सीधे रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। वहां केंद्रीय महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी।
योगी वहां से निकलकर साढ़े 12 बजे श्री कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ दर्शन को जाएंगे। वहां से लौटकर वह सर्किट हाउस के बाद ढाई बजे आशा एजूकेशन ग्रुप बाबतपुर में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। उसके बाद बाबतपुर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।





