उत्तराखण्डराज्य

राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में वृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देना है: धामी

मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य वृद्धि को की मंजूरी प्रदान, अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 प्रति कुंतल तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹395 प्रति कुंतल तय किया

देहरादून। धामी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए पेराई सत्र 2025–26 के लिए राज्य परामर्शित गन्ना मूल्य में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गन्ना मूल्य वृद्धि को मंजूरी प्रदान करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में वृद्धि और आर्थिक सशक्तीकरण को गति देना है।

गत पेराई सत्र 2024–25 में अगेती प्रजाति का मूल्य ₹375 प्रति कुंतल और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹365 प्रति कुंतल निर्धारित था। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नए पेराई सत्र 2025–26 के लिए इन दरों में वृद्धि करते हुए अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 प्रति कुंतल तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹395 प्रति कुंतल तय किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मूल्य निर्धारण प्रक्रिया में सहकारी, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की चीनी मिलों, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, किसान संगठनों और सभी संबंधित हितधारकों से विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित एफ.आर.पी., उत्तर प्रदेश में प्रभावी गन्ना मूल्य तथा राज्य की भौगोलिक व कृषि परिस्थितियों का समुचित विश्लेषण कर यह संतुलित निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रत्येक निर्णय में किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। गन्ना किसानों की आय बढ़ाना, उनकी उपज का सम्मानजनक मूल्य सुनिश्चित करना और उन्हें समयबद्ध भुगतान उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और भुगतान में कतई देरी न की जाए।

उन्होंने कहा कि पेराई सत्र 2025–26 के लिए घोषित यह बढ़ा हुआ मूल्य न सिर्फ किसानों को राहत देगा, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा तथा गन्ना उत्पादन को नई दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button