तीन माह से मानदेय न मिलने पर आशा बहुओं व आशा संगिनियों में आक्रोश, परिवार पर आर्थिक संकट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मयाबाजार के अधीक्षक को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन


अखिलेश मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
मयाबाजार, अयोध्या। आशा बहू व आशा संगिनी को पिछले तीन माह (अगस्त, सितंबर व अक्टूबर) से मानदेय/वेतन न मिलने के कारण भारी नाराजगी देखने को मिली। भुगतान न होने से नाराज आशा संगिनी शांति देवी के नेतृत्व में दर्जनों आशा बहू और संगिनी एकजुट होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मयाबाजार पहुंचीं और अधीक्षक इंद्रजीत वर्मा को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। आशा बहुओं ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर जनस्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने में दिन-रात जुटी रहती हैं, लेकिन महीनों से मानदेय न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। मांग पत्र में नियमित समय से मानदेय भुगतान, कार्य के अनुरूप प्रोत्साहन राशि, संगिनियों को अतिरिक्त कार्य का उचित पारिश्रमिक, स्वास्थ्य विभाग से पारदर्शी संवाद व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा की गारंटी जैसी मांगे प्रमुख रूप से रखी गईं। इस मौके पर शारदा यादव, सुदामा यादव, इंद्रावती, उर्मिला यादव, मीना, उषा देवी, लक्ष्मी चक्रवर्ती, रीता देवी, अनीता यादव सहित सैकड़ों आशा कार्यकर्ता एवं संगिनियां उपस्थित रहीं।





