Uncategorizedउत्तर प्रदेशराज्य

झांसी में प्रेमिका के सामने युवक ने मंदिर परिसर में दी जान

रोकती रही महिला, गमछा टूटने पर पत्थरों से टकराकर मौत

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगुवां गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका की आंखों के सामने मंदिर परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। प्रेमिका उसे लगातार रोकती रही, लेकिन उसने उसकी एक नहीं सुनी। फंदा लगाकर छलांग लगाने के दौरान गमछा टूट गया और युवक नीचे पत्थरों पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय लखन आदिवासी के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जैरा खास गांव का निवासी था। वह पिछले कुछ समय से बिरगुवां गांव में किराये के मकान में अपनी साथी लक्ष्मी के साथ रह रहा था। दोनों मजदूरी कर जीवनयापन करते थे।

शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद

लक्ष्मी के अनुसार, लखन को शराब की लत थी। घटना वाले दिन वह जूते खरीदने के बहाने 100 रुपये लेकर घर से निकला था, लेकिन शराब पीकर लौट आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकल गया।

मंदिर परिसर में रोकती रही प्रेमिका

काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर लक्ष्मी उसकी तलाश में निकली। गांव के स्कूल के पीछे स्थित मंदिर परिसर में उसने लखन को पेड़ पर चढ़कर गमछे से फंदा बनाते देखा। उसने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया और रो-रोकर रोकने की कोशिश की, लेकिन लखन नहीं माना।

जैसे ही उसने फंदा लगाकर छलांग लगाई, गमछा बीच से टूट गया और वह नीचे पड़े पत्थरों पर गिर पड़ा। लक्ष्मी तुरंत उसके पास पहुंची और फंदा हटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

तीन साल पहले पति और बच्चों को छोड़कर आई थी साथ

लक्ष्मी ने बताया कि उसकी शादी करीब 20 वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसने आरोप लगाया कि पहला पति उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले लखन से उसकी पहचान हुई और दोनों करीब आ गए। करीब तीन वर्ष पहले वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर लखन के साथ रहने लगी थी। दोनों पहले ग्वालियर और मुंबई में रहे, बाद में झांसी आकर मजदूरी करने लगे।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read also :

मुख्यमंत्री बोले: पत्रकार वर्तमान को शब्द और भविष्य के इतिहास को आकार देते हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button