छतीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बाद साय सरकार का बड़ा फैसला: 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में 26 सितंबर को छुट्टी रहेगी. प्रदेश में भारी बारिश को देखते हुए साय सरकार ने यह निर्णय लिया है. भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्देश दिया है.

स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता-सीएम साय

सीएम साय ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च है. इसलिए यह फैसला लिया गया है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर इस निर्देश की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा आवागमन में कठिनाई की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को किसी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है. मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि बच्चों को घर पर ही रखें. साथ ही सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें.

नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें. प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाएं. जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को किसी भी स्थिति में पार करने का प्रयास न करें. जिन स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए गए हैं, वहां प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें-विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़

प्रदेश के कलेक्टरों को दिया निर्देश

इससे पहले सीएम विष्णुदेव साय ने प्रदेश के कलेक्टरों को भी निर्देश जारी कर अलर्ट रहने को कहा है. सीएम साय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने प्रशासन को पूरी तरह से अलर्ट में रखा है. छत्तीसगढ़ के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण किसी प्रकार की आवश्यकता पर तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं.आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी न हो. इसे सुनिश्चित किया जाए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button