लखनऊ को एलडीए की बड़ी सौगात: CM योगी ने वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का किया शुभारंभ, 4,520 भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

लखनऊ : राजधानी के विस्तार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एलडीए ने दो बड़ी आवासीय योजनाओं की शुरुआत कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि पूजन कर वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का शुभारंभ किया. करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 10,680 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इन दोनों योजनाओं को लखनऊ के नए विकास क्षेत्र के तौर पर देखा जा रहा है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 2,166 करोड़ रुपये की लागत से पांच बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित की जा रही वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं में कुल 4,520 आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है. पंजीकरण की अंतिम तारीख 24 अक्टूबर 2026 है. एलडीए के मुताबिक, दोनों योजनाओं के पूरी तरह विकसित होने पर पांच लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी.
नैमिष नगर बनेगा उत्तरी लखनऊ के विकास का नया केंद्र : सीतापुर रोड के आसपास करीब 4,100 एकड़ में विकसित की जा रही नैमिष नगर योजना को उत्तरी लखनऊ के विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. नैमिषारण्य धाम और मां चंद्रिका देवी मंदिर से इसकी नजदीकी इस योजना को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन से भी जोड़ती है.
योजना के पहले चरण में ब्रह्म खंड, भूमि खंड फेज-1 और भूमि खंड फेज-2 में कुल 1,673 भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं. यहां 72 से 450 वर्गमीटर तक के भूखंड होंगे. भूखंड की दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है. नैमिष नगर में मेडिटेशन सेंटर, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन हब, कल्चरल सेंटर, कम्युनिटी सेंटर, शॉपिंग स्ट्रीट और एक जिला-एक उत्पाद केंद्र जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं.
योजना को आईआईएम रोड, सीतापुर रोड, किसान पथ और ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ने के साथ हजरतगंज मेट्रो स्टेशन और सीसीएस इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी की सुविधा भी बताई गई है. एलडीए के अनुसार, योजना में करीब दो लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा विकसित होगी. इससे क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
नैमिष नगर में कितने भूखंड
- 72 वर्गमीटर 197 भूखंड
- 112.5 वर्गमीटर 524 भूखंड
- 162 वर्गमीटर 520 भूखंड
- 200 वर्गमीटर 299 भूखंड
- 288 वर्गमीटर 103 भूखंड
- 450 वर्गमीटर 30 भूखंड
आगरा एक्सप्रेस-वे के पास विकसित होगा वरुण विहार : आगरा एक्सप्रेस-वे के पास करीब 6,580 एकड़ में वरुण विहार योजना विकसित की जा रही है. एलडीए इसे शहर की बड़ी सेल्फ-सस्टेनेबल आवासीय कॉलोनी के रूप में विकसित करने की तैयारी में है. योजना के पहले चरण में काशी खंड, कैलाश खंड फेज-1 और कैलाश खंड फेज-2 में कुल 2,847 भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू हुआ है. यहां 112.5 से 450 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध होंगे. भूखंड की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफीट रखी गई है.
वरुण विहार की खासियत इसकी प्रस्तावित हरित और व्यावसायिक सुविधाएं होंगी. योजना में करीब 800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, पार्क और वाटर बॉडीज, अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, 70 एकड़ की प्राकृतिक झील, एजुकेशन हब, करीब 20 एकड़ का स्पोर्ट्स हब, सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर और 300 एकड़ का लॉजिस्टिक पार्क प्रस्तावित है.
योजना को आगरा एक्सप्रेस-वे, किसान पथ, चारबाग रेलवे स्टेशन और सीसीएस एयरपोर्ट के साथ अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों से जोड़ने की योजना है. एलडीए के मुताबिक, वरुण विहार में करीब तीन लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा विकसित होगी.
वरुण विहार में कितने भूखंड
- 112.5 वर्गमीटर 1,517 भूखंड
- 162 वर्गमीटर 460 भूखंड
- 200 वर्गमीटर 612 भूखंड
- 288 वर्गमीटर 68 भूखंड
- 300 वर्गमीटर 81 भूखंड
- 450 वर्गमीटर 109 भूखंड
24 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण : दोनों योजनाओं में भूखंडों के लिए 24 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकेगा। एलडीए ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से होगा. एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुनने वाले आवेदकों को आवंटन प्रक्रिया में वरीयता दी जाएगी.
यहां भी बनेंगे फ्लैट्स : गोमती नगर के विराज खंड में लेक व्यू अपार्टमेंट में 3 बीएचके प्लस सर्वेंट के 646 फ्लैट बनाए जाएंगे. राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने बसंत कुंज में पार्क व्यू अपार्टमेंट में 3 बीएचके प्लस स्टडी के 364 फ्लैट प्रस्तावित हैं. ऐशबाग मिल रोड स्थित ऐशबाग स्क्वॉयर में 3 बीएचके प्लस सर्वेंट के 384 फ्लैट होंगे. वहीं मोहान रोड की अनंत नगर योजना में अदिति अपार्टमेंट के तहत 2 बीएचके के 980 अफोर्डेबल फ्लैट और 1 बीएचके के 412 प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के फ्लैट विकसित किए जाएंगे. शारदा नगर विस्तार योजना में बागेश्वरी अपार्टमेंट के तहत 1 बीएचके के 312 प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के फ्लैट प्रस्तावित हैं.
एलडीए के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में बढ़ती आवासीय जरूरत को पूरा करने के साथ अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को नियोजित और आधुनिक आवास उपलब्ध कराना है. वरुण विहार और नैमिष नगर के साथ इन नई बहुमंजिला परियोजनाओं के शुरू होने से लखनऊ के मौजूदा शहरी क्षेत्र से बाहर विकास की गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.




