
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से मौसम का पूरा मिजाज ही बदला हुआ है. राज्य के सभी इलाकों में बारिश हो रही है. कई जिलों में बारी बारिश हुई है. मौसम को लेकर हाई अलर्ट भी जारी किया गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
सभी कलेक्टरों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
हमने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखा है. सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की आवश्यकता होती है तो तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं. आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
सीएम साय की लोगों से अपील
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से भी भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें. प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाएं. जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को किसी भी स्थिति में पार करने का प्रयास न करें. जिन स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगाए गए हैं, वहां प्रशासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें.
सीएम साय ने सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश के दौरान बिना आवश्यकता यात्रा करने से बचें, विशेषकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी रखें. गिरे हुए बिजली के तारों अथवा विद्युत संबंधी किसी खतरे से दूर रहें और इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग, स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को दें. मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने और उन्हें अकेले बाहर नहीं जाने देने की अपील की है. पहाड़ी क्षेत्रों एवं भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें. मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन और अन्य अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें और अफवाहों अथवा भ्रामक संदेशों को आगे न बढ़ाएं. अपने आसपास किसी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता हो तो उसकी यथासंभव मदद करें और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें.




