सत्ता के लिए फिर साथ आए अकाली-भाजपा, पंजाब की जनता देगी जवाब : भगवंत मान

अमलोह (फतेहगढ़ साहिब), 9 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के संभावित गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल सत्ता हासिल करने और पंजाब को फिर से लूटने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ऐसे अवसरवादी गठबंधन को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

अमलोह विधानसभा क्षेत्र के शमसपुर गांव में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन किसी विचारधारा या जनहित पर आधारित नहीं है, बल्कि यह केवल राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि दोनों दल वर्षों तक एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं और अब जनता को बताना होगा कि किस आधार पर वे समर्थन मांगेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान विरोधी कानूनों के कारण सैकड़ों किसानों ने अपने प्राण गंवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार पंजाब के साथ भेदभाव करती रही है और अब धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है।
भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोधियों और व्यापारियों पर दबाव बनाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगा।
अकाली दल पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनके शासनकाल में नशे का कारोबार फला-फूला और बेअदबी जैसी घटनाओं ने पंजाब की जनता की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई। उन्होंने कहा कि कोटकपूरा और बेहबल कलां जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं से ज्यादा मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह से जूझ रही है और उसके पास पंजाब के विकास के लिए कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब की जनता ने ईमानदार और पारदर्शी शासन को चुना था। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है तथा जनता के टैक्स का पैसा जनता की भलाई पर खर्च किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता विकास और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है तथा राज्य को दोबारा भ्रष्टाचार, लूट और धोखे की राजनीति की ओर नहीं जाने देगी।





