
पलामू: पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संतोष कुमार यादव के साथ बैठक की. इस बैठक में पलामू और गढ़वा के इलाके में नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट से संबंधित कई बिंदुओं पर समीक्षा की गई. पलामू सांसद ने कहा कि नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के बार-बार तबादले होने से काम में रुकावट आ रही है. उन्होंने इस तरह तबादलों और पोस्टिंग पर रोक लगाने की मांग की है.
वहीं, सतबरवा इलाके और पलामू में नेशनल हाईवे बाईपास और डायवर्सन का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है, जिसके काम की रफ्तार बढ़ाने का आग्रह किया है. साथ ही साथ एक सुरक्षित डायवर्सन बनाने का भी निर्देश दिया है. पलामू के मेदिनीनगर के जोड़ और पोखराहा में अंडरपास का निर्माण कार्य तेजी से करने और जरूरी प्रक्रिया को जल्द करने को कहा गया है.
इधर, दुर्गा पूजा से पहले पलामू और गढ़वा में नेशनल हाईवे 98, 39 और 139 पर बने गड्ढों को पूरी तरह से भरने का काम किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े. पहले गड्ढों को भरा जाएगा और फिर बाद में स्थाई तौर पर इसकी मरम्मत और निर्माण किया जाएगा.
सासंद ने मेदिनीनगर के दुबियाखाड़ स्थित टोल प्लाजा से निर्माण कार्य पूरा नहीं होने तक स्थानीय लोगों से टोल की वसूली में राहत देने का आग्रह किया. पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि प्रोजेक्ट इंप्लीमेंट यूनिट को डालटनगंज से लातेहार में ट्रांसफर किया गया है. पूरे मामले में समीक्षा करने को कहा गया है.


