
रायपुर: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रौशन किया है. इस जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा की बेटी संजू देवी ने कमाल किया है. इस सफलता पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने संजू देवी का रायपुर में सम्मान किया है. संजू देवी ने सोमवार को सीएम विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की थी. सीएम साय ने इस अवसर पर उनकी ऐतिहासिक जीत के लिए उनका अभिनंदन किया.
जापान एशियन गेम्स में सफलता
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था. भारतीय महिला टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारतीय टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया.
51 लाख रुपये देने का ऐलान
सीएम साय ने इस अवसर पर 51 लाख रुपये की प्रोत्सहान राशि देने का ऐलान किया. उन्होंने संजू देवी की तारीफ करते हुए कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है.
छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं में अपार सामर्थ्य है. राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करें. संजू देवी की सफलता प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
सीएम साय ने संजू देवी से की बात
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अपने अनुभवों और भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन के संबंध में आत्मीय बातचीत की. उन्होंने संजू देवी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक खिलाड़ी की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह अपने साथ हजारों युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान देती है.


