छतीसगढ़राज्य

मनेंद्रगढ़ पहुंचे कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम: कामधेनु विश्वविद्यालय भर्ती पर राज्यपाल की रोक का किया स्वागत, कहा- ‘दूध का दूध, पानी का पानी हो’

मनेंद्रगढ़ पहुंचे कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में भर्ती प्रक्रिया पर राज्यपाल द्वारा लगाई गई रोक का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया और निर्माण कार्यों को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं. इन मामलों को विधानसभा स्तर पर भी उठाया गया था और शासन स्तर से भी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर पत्राचार किया गया था.भर्ती प्रक्रिया पर रोक का स्वागत

मंत्री नेताम ने कहा “किसी भी विश्वविद्यालय में शासन का सीधा नियंत्रण नहीं होता. राज्यपाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति होते हैं. उन्होंने शासन का पक्ष सुना, लोगों की बात सुनी. कार्यपरिषद के निवेदन को सुना और उसके बाद विवेक और परिस्थितियों के आधार पर राज्यपाल ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने के निर्देश दिए. मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दूध का दूध, पानी का पानी होना चाहिए. ये स्वागत योग्य है.”

कामधेनु विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया पर क्यों लगी रोक

दुर्ग के अंजोरा स्थित दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए राज्यपाल सचिवालय ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर भर्ती, नियुक्ति और इंटरव्यू की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. साथ ही विश्वविद्यालय के भवन निर्माण और रखरखाव से जुड़े कार्यों में सामने आई शिकायतों की जांच की प्रगति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

राज्यपाल के उप सचिव का आदेश

राज्यपाल के उप सचिव निषिध साहू की ओर से 1 अक्टूबर को जारी आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय में भवन निर्माण और रखरखाव के साथ-साथ शैक्षणिक पदों पर भर्ती में अनियमितता और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं.

बता दें कामधेनु विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं. कृषि विकास, किसान कल्याण एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम की नोटशीट में भी भर्ती से जुड़ी शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराने और जांच पूरी होने तक आगामी भर्ती प्रक्रिया स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे. शिकायतों में आरक्षण और रोस्टर निर्धारण, बैकलॉग पदों पर भर्ती, स्थानीय शिक्षकों की पदोन्नति, वेतन संरक्षण और विभागवार पदों के निर्धारण जैसे मुद्दे शामिल हैं. इसके अलावा कार्यकारिणी परिषद की मंजूरी के बिना भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने और स्वीकृत सेटअप से अधिक पदों के लिए विज्ञापन जारी करने के आरोप भी लगाए गए थे.

अचानक कन्या छात्रावास पहुंचे मंत्री, छात्राओं से जाना हाल

इधर एमसीबी दौरे के दौरान मंत्री रामविचार नेताम अचानक प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास पहुंचे. उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर भोजन, आवास, पढ़ाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. शासन की ओर से छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री का भी उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी.

सिद्धबाबा धाम में की पूजा-अर्चना, सड़क निर्माण का भरोसा

देर शाम मंत्री नेताम प्रसिद्ध सिद्धबाबा धाम पहुंचे. उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे. दोनों मंत्रियों ने मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और निर्माण कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान मंदिर तक सड़क निर्माण सहित आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई. मंत्री नेताम ने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया.

बाइक राइडर्स का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही विशेष बाइक यात्रा शुक्रवार को मनेन्द्रगढ़ पहुंची. गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी. यात्रा के मनेन्द्रगढ़ पहुंचने पर घुटरीटोला में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और कृषि एवं प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने बाइक राइडर्स का स्वागत किया.

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बाइक यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे. स्वागत के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने स्वयं बाइक चलाकर यात्रा में शामिल युवाओं के साथ मनेन्द्रगढ़ तक सफर किया.

17 सितंबर से जारी है बाइक यात्रा

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर यह विशेष यात्रा निकाली जा रही है. यात्रा गुजरात के वडनगर और काशी यानी वाराणसी से शुरू होकर देश के विभिन्न राज्यों से गुजर रही है. उन्होंने बताया कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका कर्मक्षेत्र रहा है. इसी भाव को केंद्र में रखते हुए दोनों स्थानों से यात्राएं निकाली गई हैं. यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और अभियानों से लाभान्वित हितग्राहियों से मुलाकात करना तथा उनके अनुभवों और उपलब्धियों को जानना है.

छत्तीसगढ़ से होकर गुजरेंगी चार यात्राएं

राहुल टिकरिया ने बताया कि वडनगर से निकली यह चौथी यात्रा छत्तीसगढ़ पहुंची है. प्रदेश में कुल चार यात्राएं पहुंच रही हैं. इनमें से दो यात्राएं छत्तीसगढ़ से झारखंड और बिहार की ओर रवाना होंगी. यात्राओं का मार्ग प्रदेश के करीब 18 जिलों से होकर निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक यात्रा में करीब 75 से 80 लोगों की टीम शामिल है. इसमें लगभग 25 बाइक राइडर, 25 सहयात्री और 25 से 28 सदस्य व्यवस्था एवं सहयोग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. छत्तीसगढ़ से भी करीब 60 लोगों का दल वाराणसी की यात्रा में शामिल होने के लिए गया है.

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ सफलता का भी संदेश

युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है. इसी कारण यात्रा का दल बस्तर क्षेत्र से भी होकर गुजर रहा है. यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयासों से लोगों को जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है.

हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र

मनेन्द्रगढ़ में यात्रा के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई. इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. मंच के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

2047 तक विकसित भारत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी- नेताम

प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को लेकर वडनगर से निकली यह यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए आगे बढ़ रही है. 17 सितंबर से मोटरसाइकिलों के माध्यम से लगातार सफर कर रहे युवा साथी आज मनेन्द्रगढ़ की धरती पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया. उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की निरंतर सार्वजनिक सेवा और देश के विकास के प्रति उनके संकल्प का संदेश दे रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button