
रायपुर: दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को सीएम विष्णुदेव साय ने भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके निवास जाकर मुलाकात की.
बस्तर के विकास मॉडल और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा
स्मृति ईरानी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी साझा की. उन्होंने विशेष रूप से बस्तर में हो रहे विकास और बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.
राज्य में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के बारे में बताया
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार, किसानों की आय और कृषि आधारित गतिविधियों, आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे. सीएम साय ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से सीएम साय की मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की. मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की पहलों की जानकारी साझा की. उन्होंने प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास, रोजगार के अवसरों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया.
सीएम ने बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की. दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के विकास और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.




