झारखण्डराज्य

झारखंड भाजपा में बड़ा सांगठनिक फेरबदल: नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय पहुंचे रांची, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया स्वागत

रांचीः प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय आज शाम रांची पहुंचे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई नेताओं ने इस दौरान उनका स्वागत किया.

रांची एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचे पवन साय का अभिनंदन किया गया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया. साथ ही कहा कि इनको संगठन में काम करने का एक लंबा अनुभव है नि:संदेह उनके अनुभव का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा.

उन्होंने कहा कि झारखंड की दशा और दिशा बदलने के लिए इनका मार्गदर्शन मिलेगा और झारखंड हित में इनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने झारखंड के निवर्तमान संगठन महामंत्री सह छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में हम सबको काम करने का मौका मिला. 4 साल तक कर्मवीर सिंह ने बड़ी ही आत्मीयता के साथ एक पारिवारिक रिश्ता बनाकर हम सबों के साथ काम किया एवं संगठन को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया उनके प्रति हम सब कृतज्ञ और आभारी हैं.

2029 चुनाव और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए काम करने का बनाया लक्ष्य

नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सब इतनी रात में भी स्वागत करने के लिए कार्यालय में डटे रहें, उसके लिए आप सभी को बहुत बहुत धन्यवाद और आभार. उन्होंने कहा कि 2029 के चुनाव और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए काम करना है. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 चुनाव को ध्यान में रखते हुए जोरदार नारा लगवाया कि हमरे जितब (हम जीतेंगे). उन्होंने कहा कि झारखंड़ और छत्तीसगढ़ में बहुत कुछ समानतायें हैं.

उन्होंने कहा कि हम सब को संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना है. कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज पूरे देश में भाजपा का संगठन एक नम्बर पर है. हम सब मिलकर अच्छा उद्देश्य लेकर संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी, यह विश्वास सबके दिल में होनी चाहिए, इसी भाव से काम करना है. उन्होंने कहा कि झारखंड भोलेबाबा की धरती है, उनका आशीर्वाद तथा आप सबको साथ लेकर हम सब काम करेंगे, यह विश्वास आप सबको दिलाते हैं.

कर्मवीर सिंह की हुई विदाई, कार्यकर्ताओं के प्रति जताया आभार

इस मौके पर झारखंड के निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की विदाई हुई. प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने नवनियुक्त महामंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन के कामों में बोलने की अपेक्षा काम कर दिखाया जाता है. मैंने जो उत्तर प्रदेश में सीखा, उससे इस प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ काम करना तथा संगठन में उनकी उपयोगिता के बारे में बहुत कुछ सीखा.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पवन साय जी के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करना है, उनका साथ देना है ताकि झारखंड़ में संगठन और मजबूत हो और 2029 में राज्य में भाजपा की सरकार बन सके. इसके पूर्व भाजपा कार्यालय पहुंचने पर नवनियुक्त संगठन महामंत्री पवन साय ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button