झारखण्डराज्य

मोरहाबादी मैदान में गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे, CM हेमंत सोरेन ने फोड़ी दही-हांडी

रांचीः श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में जन्माष्टमी आयोजन समिति की ओर से श्री कृष्ण जन्मोत्सव- 2026 का भव्य आयोजन किया गया.

इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. बड़ी संख्या में शहरवासी और श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए. पूरा मैदान भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आया और चारों ओर जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे.

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए. उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजीव रंजन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इस कार्यक्रम में आम लोगों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजनों की प्रस्तुति हुई.

कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं. भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। बच्चों और युवाओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह रहा. आयोजन का प्रमुख आकर्षण बाल गोपाल प्रतियोगिता रही. इसमें बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंच पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया. बच्चों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाया.

इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दही-हांडी फोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. दही-हांडी फोड़ने के लिए टीमों के सदस्यों ने मानव पिरामिड बनाया. प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में जुटे रहे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का यह आयोजन हर वर्ष और बेहतर तथा भव्य होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस आयोजन को और वृहद एवं आकर्षक रूप देने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने दही-हांडी प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं. शुक्रवार देर शाम तक मोरहाबादी मैदान में भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर जारी रहा और पूरा माहौल कृष्णमय बना रहा.

मोरहाबादी दही-हांडी प्रतियोगिता का परिणाम

बालिका वर्ग – प्रथम: राधा रानी गर्ल्स अखाड़ा — 35.25 सेकंड.

द्वितीय: योगा गर्ल्स, रांची — 42.47 सेकंड.

बालक वर्ग – प्रथम: शिव शक्ति जानकी दल — 26.09 सेकंड.

द्वितीय: बजरंग दल, मंडरो — 27.12 सेकंड.

तृतीय: श्री राम सेवा समिति — 40.69 सेकंड.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button