गोशाईगंज में भक्तिमय माहौल, प्रतिमा विसर्जन यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा भीटी चौराहा, श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास में लिया हिस्सा
अनीता चौहान/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या। जनपद के गोशाईगंज बाजार स्थित भीटी चौराहा शनिवार को पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। यहां स्थापित प्रतिमा का विसर्जन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। जैसे ही प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकली, जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भक्तों की भारी भीड़ विसर्जन में शामिल रही। यात्रा में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति गीतों से माहौल और भी श्रद्धामय हो गया। विसर्जन के दौरान ‘माता रानी की जय’, ‘जय माता दी’ और ‘बोलो सांची दरबार की जय’ के उद्घोष गूंजते रहे।भक्ति और उल्लास का अनोखा संगम प्रतिमा विसर्जन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं , बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बना। भक्तों ने एकजुट होकर माता रानी की आराधना की और पूरे विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन सम्पन्न कराया। भक्ति और उल्लास का ऐसा संगम देखने को मिला जिसमें क्षेत्रवासी पूरी तरह भावविभोर नजर आए। इस अवसर पर अंशु सोनी, राज सोनी, दीपक सोनी, सोनू कुमार, हिमांशु राजन, संदीप सोनी सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। सभी ने मिलकर विसर्जन यात्रा का संचालन किया और प्रतिमा को विधिवत पूजन-अर्चन के बाद विदा किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्रीय भाईचारा और एकजुटता को भी मजबूत करता है। विसर्जन यात्रा के दौरान लोग एक-दूसरे से गले मिलते और माता रानी का आशीर्वाद बांटते दिखाई दिए। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा विसर्जन कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही पूरे बाजार में चहल-पहल रही। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे बाजार में कोतवाली पुलिस मुस्तैद रही l





