डॉ. शिशिर कुमार यादव को बिट्स पिलानी से विद्युत अभियांत्रिकी में मिली पीएच.डी. की उपाधि

परिवार व शुभचिंतकों में खुशी की लहर
अशोक कुमार वर्मा /बालजी हिन्दी दैनिक
बीकापुर अयोध्या। बीकापुर तहसील के मंगारी गांव के रहने वाले डॉ. शिशिर कुमार यादव को बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS), पिलानी के वार्षिक दीक्षांत समारोह में विद्युत अभियांत्रिकी में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि से सम्मानित किया गया। इस गरिमामय समारोह का आयोजन पिलानी परिसर में किया गया, जिसमें भारत के 50वें (पूर्व) मुख्य न्यायाधीश डॉ. डी. वाई. चंद्रचूड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को जीवन में सत्यनिष्ठा, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. शिशिर कुमार यादव का शोध “ऑप्टिमम डिजाइन मेथड् एंड परफॉर्मेंस एनालिसिस ऑफ यूनिफाइड पावर क्वालिटी कंडीशनर विथ डिस्ट्रिब्यूटेड जनरेशन” शीर्षक पर आधारित है, जिसका उद्देश्य स्मार्ट ग्रिड प्रणाली में ऊर्जा-गुणवत्ता को सर्वोत्तम स्तर तक पहुँचाना है। इस शोध से विद्युत प्रणालियाँ अधिक कुशल, स्थिर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान की सम्भावना व्यक्त की गई है।
डॉ. शिशिर वर्तमान में AMSC (अमेरिकन सुपरकंडक्टर कॉरपोरेशन ) में GRIDTEC डिवीजन में प्लानिंग एंड एप्लीकेशंस इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी यह उपलब्धि परिवार, संस्थान और देश के लिए गर्व का विषय है। बीकापुर तहसील के मंगारी गाँव से ताल्लुक रखने वाले डॉ. शिशिर, अमेरिकन सुपरकंडक्टर कॉर्पोरेशन (AMSC) के GRIDTEC प्रभाग में प्लानिंग एंड एप्लिकेशन्स इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें अपने पिता श्री रवि शंकर यादव से विशेष प्रेरणा मिली, जो स्वयं विद्युत अभियांत्रिकी पृष्ठभूमि से हैं, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड में 33 से अधिक वर्ष सेवा कर चीफ़ मैनेजर (ट्रांसमिशन) के पद से सेवानिवृत्त हुए। पिता के समर्पण और अनुभव ने शिशिर को अनुसंधान व नवाचार के मार्ग पर अग्रसर किया।
दीक्षांत समारोह में देश-विदेश के अनेक गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।





