प्रत्येक शिकायतकर्ता से वार्ता कर लिया जाए फीडबैक

गलत आख्या लगाने पर अधिकारी के खिलाफ होगी कार्रवाई
देवीपाटन मंडल को पहले स्थान पर रखने का करें प्रयास – आयुक्त
आयुक्त ने शिकायतकर्ता को लगाया फोन – पूछा क्या आप निस्तारण से संतुष्ट हैं?
अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा 11 जुलाई 2025 – शनिवार को आयुक्त देवीपाटन मंडल ने आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर शिकायतों के निस्तारण को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कार्यालय में बैठकर बारी-बारी से कई निस्तारित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर प्रतिक्रिया ली। उन्होंने विपरीत फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, साथ ही शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए। शिकायतकर्ता को पूर्ण रूप से संतुष्ट किया जाए। यदि कोई शिकायत निस्तारण के योग्य ना हो तो शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसे संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी शिकायत पर गलत रिपोर्ट हरगिज न लगाई जाए।
शासन स्तर से आईजीआरएस की प्रतिदिन समीक्षा होती है। अतः इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए। देवीपाटन मंडल विगत माह आईजीआरएस की रैंकिंग में प्रथम स्थान पर आया है। अब हम सब की जिम्मेदारी है कि इसे पहले स्थान पर ही कायम रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत को डिफाल्टर होने से पहले ही समय से निस्तारित कर दिया जाए। साथ ही कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस एवं जनता दर्शन में अधिक से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया जाए जिससे कि आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों में कमी आ सके। उन्होंने कहा कि सभी पात्रो को योजनाओं का लाभ दिया जाए। लाभ न मिलने के कारण भी कई शिकायतें प्राप्त होती हैं अतः हम सभी को शासन की योजनाओं को धरातल पर पहुंचा कर पूरे मंडल को संतृप्त करना है।





