विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों पर फोकस: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करते हुए आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की समग्र समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनावी तैयारियों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक जिले में मतदाता सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समय पर पूर्ण होने चाहिए।
मतदाता सूची अद्यतन और BLO आउटरीच पर विशेष जोर
बैठक के दौरान सीईओ ने मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिक माना। उन्होंने निर्देश दिया कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने क्षेत्र में मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करें और “BLO आउटरीच अभियान” को सक्रिय एवं प्रभावी रूप से चलाएं। उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि बीएलओ के फील्ड भ्रमण की नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए और इसकी रिपोर्ट समय-समय पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाए, ताकि प्रगति की समीक्षा सुचारू रूप से हो सके।
वोटर हेल्पलाइन और हेल्पडेस्क को सक्रिय रखने के निर्देश
सीईओ ने कहा कि वोटर हेल्पलाइन पर आने वाली प्रत्येक शिकायत और पूछताछ का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को जानकारी प्राप्त करने में असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने जनपद और ईआरओ कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखने और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की ड्यूटी स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।
बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) का गठन होगा तेजी से
बैठक के दौरान बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) की भूमिका पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। सीईओ ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर BAG का गठन तत्काल किया जाए, ताकि मतदाताओं को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके और जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी रूप से संचालित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि BAG का सक्रिय होना मतदाता जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुई समीक्षा
इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे और अपने-अपने जिलों की तैयारियों की जानकारी साझा की।





