Uncategorizedउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

यूपी चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस, 50 लाख को सहायता का प्रस्ताव

अखिलेश ने किया 40 हजार का ऐलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को साधने की सियासी कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं के लिए एक बड़ी आर्थिक सहायता योजना शुरू करने पर विचार कर रही है। हालांकि, इस योजना को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रस्तावित योजना के तहत प्रदेश की करीब 50 लाख महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का विचार किया जा रहा है। चर्चा है कि चुनाव से पहले योजना की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा सकते हैं। इसके बाद सरकार बनने पर 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दिए जाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है।

चुनाव से पहले लागू करने की तैयारी पर मंथन

बताया जा रहा है कि सरकार के स्तर पर इस योजना को लेकर विचार-विमर्श चल रहा है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव जनवरी-फरवरी के आसपास प्रस्तावित हैं, ऐसे में चुनाव से पहले योजना को लागू करने की संभावना जताई जा रही है।

महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना की चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता भेजी गई थी। बिहार में भाजपा की बड़ी जीत के बाद उत्तर प्रदेश में भी महिलाओं को केंद्र में रखकर ऐसी योजना की संभावनाओं ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

अखिलेश यादव ने बोला हमला

प्रस्तावित योजना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इसे भाजपा का एक और चुनावी वादा बताते हुए सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के समय ही जनता को आर्थिक सहायता देने की योजनाओं की घोषणा करती है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में महिलाओं को आर्थिक मदद देने की घोषणाएं की गईं, वहां बाद में भुगतान को लेकर समस्याएं सामने आईं।

सपा का जवाबी ऐलान

अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर अपनी पार्टी की ओर से भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से शुरुआत की जाएगी और इसमें हर साल बढ़ोतरी की जाएगी।

उनके इस बयान को भाजपा की संभावित योजना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

रक्षाबंधन से पहले महिलाओं पर सरकार का ध्यान

महिलाओं को लेकर सरकार की सक्रियता रक्षाबंधन पर्व से पहले और बढ़ी है। इससे पहले योगी सरकार ने बहनों की सुविधा के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला मतदाता उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में आर्थिक सहायता और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाएं आगामी विधानसभा चुनाव में प्रमुख मुद्दा बन सकती हैं।

read also :

पेपर लीक अपराध पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला निर्णायक, प्रतिभा के साथ होगा न्याय: सीएम योगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button