Uncategorizedउत्तर प्रदेशबाराबंकीराज्यलखनऊ

विरासत और विकास की राह पर बाराबंकी, SCR से बढ़ेगी रफ्तार : अग्निहोत्री

बाराबंकी। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि बाराबंकी में विरासत और विकास की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जिले में जहां एक ओर ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को सम्मान मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर विकास परियोजनाओं के माध्यम से नई संभावनाएं भी तैयार हो रही हैं। उन्होंने जन सूचना अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।

रामनगर निरीक्षण गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि बाराबंकी की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक महत्व को देखते हुए जिले में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण केवल पुराने स्थलों को बचाना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है।

डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि तीर्थ स्थलों का विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और भारतीय परंपराओं के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। प्रदेश सरकार इसी दृष्टिकोण के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर काम कर रही है।

डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने धनराशि स्वीकृत की है। श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित होने वाले इस कॉरिडोर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

SCR बनने से बाराबंकी को मिलेगा लाभ

राज्य सूचना आयुक्त डॉ. अग्निहोत्री ने रामनगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बाराबंकी को लगभग 550 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की सौगात मिली है।

डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के रूप में विकसित कर रही है। बाराबंकी की भौगोलिक स्थिति लखनऊ और अयोध्या के बीच होने के कारण इसका सीधा लाभ जिले को मिलेगा। दोनों प्रमुख शहरों के बीच स्थित होने से यहां विकास, निवेश और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि बाराबंकी आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन, विकास परियोजनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

read also :

यूपी चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस, 50 लाख को सहायता का प्रस्ताव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button