राज्यहरियाणा

हरियाणा का बजट सत्र 20 फरवरी से, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 फरवरी को पेश करेंगे बजट

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र इस बार जल्दी शुरू होगा। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में तय किया गया कि इस बार विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से आरंभ होगा। बजट सत्र की अवधि कितने दिन की होगी, यह हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया जाएगा, लेकिन माना जा रहा है कि बजट सत्र में इस बार कुल 14 सीटिंग हो सकती हैं।

ऐसे में वित्तमंत्री के होने के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी साल 2026-27 का अपना दूसरा बजट 27 फरवरी को पेश कर सकते हैं। 20 फरवरी को शुक्रवार है, जिस दिन राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरुआत होगी। शनिवार और रविवार को अवकाश के बाद 23 फरवरी से दोबारा बजट सत्र की कार्यवाही आरंभ होगी। जिन दिन 27 फरवरी को बजट पेश होने की संभावना है, उस दिन भी शुक्रवार है और अगले दिन 28 फरवरी को शनिवार का अवकाश रहेगा। फरवरी माह भी इस साल 28 दिन का है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बजट की अब तक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री करीब एक दर्जन बैठकें करने के बाद राज्य के प्रशासनिक सचिवों की अलग से बैठक कर चुके हैं। विधानसभा सचिवालय भी बजट सत्र के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बार चार मार्च का फाग (होली) है। इसलिए सरकार फाग से पहले हर हाल में साल 2026-27 का बजट पेश करना चाहेगी।

पिछले साल सात मार्च को राज्य का बजट सत्र आरंभ हुआ था, जो कि 28 मार्च तक चला था। इस बार दो सत्रों में 10 मार्च तक हर हाल में बजट सत्र खत्म कर दिए जाने की संभावना है। मार्च-अप्रैल में चूंकि शहरी निकाय चुनाव होने हैं। इसलिए सरकार बजट सत्र जल्दी पूरा करेगी।

पिछली बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो लाख पांच हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो कि इस साल करीब सवा दो लाख करोड़ तक पहुंचने की पूरी संभावना है। बजट पेश होने के बाद उस पर चर्चा के लिए विधायकों की कमेटियां भी बनाई जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button