जानलेवा हमले के मामले में ग्राम प्रधान सहित चार नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज, सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से कोसों दूर

संदीप विक्रम सिंह/बालजी दैनिक
हैदरगंज, अयोध्या। थाना क्षेत्र में जानलेवा हुए हमले के मामले में 72 घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। जबकि पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी हाथ नहीं लगी है। गौरतलब है कि हैदरगंज थाना अंतर्गत कस्बा निवासी मयंक प्रताप सिंह पुत्र शैलेंद्र सिंह शहर से घर को लौट रहा था। रास्ते में मंगलवार की देर शाम 7:15 बजे तकमीनगंज पुल के आगे पंडित का पुरवा गांव के पास बाइक सवार युवको ने तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया था। मयंक प्रताप सिंह का आरोप है कि हैदरगंज बाजार में स्थित जमीन का विवाद श्याम नारायन कसौधन से चल रहा है। जिसका मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी को लेकर ग्राम प्रधान राकेश गुप्ता, सौरभ गुप्ता तथा सत्येंद्र कुमार जायसवाल एकजुट होकर धमकी देकर मुकदमे की पैरवी ना करने का दबाव बनाते थे। उक्त आरोपियों ने साजिश करके पीड़ित के ऊपर प्राण घातक हमला करवाया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण उनके परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान व उनके साथियों पर जमीन के मामले में फ्रॉड करने सहित अन्य मामलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना अध्यक्ष विवेक कुमार राय ने बताया कि घायल की तहरीर पर चार नामजद तथा दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की दो टीमें लगी हुई है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





