
रांचीः त्योहार को देखते हुए शहरी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री के समय प्रवेश की अनुमति देने की मांग चैंबर ने की है.
इसी मुद्दे को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने आज सोमवार को राकेश रंजन वरीय पुलिस अधीक्षक रांची से मुलाकात की. चैंबर अध्यक्ष तुलसी महतो के नेतृत्व में एसएसपी राकेश रंजन के समक्ष पहुंचा शिष्टमंडल ने इस दौरान कहा कि सुबह और शाम में दो-दो घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था के कारण आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े छोटे मालवाहक वाहनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अभी त्योहारों का समय भी समीप है आवश्यक है कि शहर में सप्लाई चेन निर्बाध रूप से बनी रहे. उन्होंने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे ऐसे वाहनों को निर्धारित शर्तों एवं रूट के अनुरूप कम से कम शाम के समय नो-एंट्री अवधि में प्रवेश एवं परिचालन की अनुमति दिया जाना हितकर होगा.
शाम 5 से 7 बजे की नो-एंट्री समय में छूट की मांग
झारखंड चैंबर शिष्टमंडल के मुलाकात के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने यह जानना चाहा कि शाम 5 से 7 बजे की नो-एंट्री अवधि में मालवाहक वाहनों की किन-किन मार्गों पर अधिक आवाजाही अथवा यातायात का दबाव रहता है. उन्होंने चैंबर से ऐसे मार्गों की सूची एवं रूट उपलब्ध कराने को कहा.
उन्होंने आश्वस्त किया कि चैंबर से प्राप्त रूट एवं संबंधित क्षेत्रों में यातायात दबाव की समीक्षा करने के बाद आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की छूट देने के संबंध में उचित विचार किया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान जालान रोड क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं से भी एसएसपी को अवगत कराया.
ट्रांसपोर्टर्स की समस्याओं को देखते हुए चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में झारखंड चैंबर और रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आज संयुक्त रूप से ट्रांसपोर्ट नगर का भ्रमण भी किया. प्रतिनिधिमंडल ने वहां उपलब्ध व्यवस्था तथा ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराने की संभावनाओं का जायजा लिया.
चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्टर्स को किस प्रकार उचित स्थान उपलब्ध कराया जा सकता है तथा स्थान आवंटन की प्रक्रिया क्या होगी. इन विषयों पर शीघ्र ही झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर वार्ता की जाएगी. उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं का व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान निकले. इस प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य विनीता सिंघानिया, मोनिका गोयनका समेत कई लोग मौजूद रहे.


