Uncategorizedउत्तर प्रदेशलखनऊ

नकली समाजवादी आपातकाल लगाने वालों की गोद में बैठ गए: केशव

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश में आपातकाल लगाये जानी की 50वीं बरसी पर बुधवार को विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि नकली समाजवादी आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस पार्टी की गोद में बैठ गए हैं।

मौर्य ने यहां ‘सर्किट हाउस’ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, “आपातकाल के समय असली समाजवादी लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे थे। कांग्रेस के खिलाफ लोक नायक जयप्रकाश नारायण, जार्ज फर्नांडीस, मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद इस आंदोलन का हिस्सा थे।”

उन्होंने कहा, “जो कांग्रेस की गोद में बैठ गया, वह कांग्रेस की तरह ही हो गया। लोकतंत्र की हत्या करने वाली, इस देश में आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस पार्टी के साथ जो खड़ा है, उसे कांग्रेस ही समझना चाहिए।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “संविधान में आपातकाल लगाने की व्यवस्था है और वह भी तब जब देश संकट में हो। लेकिन उस समय देश पर संकट नहीं था, बल्कि गांधी परिवार की सत्ता पर संकट था।”

उन्होंने कहा, “इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक आदेश पर इंदिरा गांधी का चुनाव रद्द कर दिया गया था। न्यायपालिका का इतना साहस कैसे कि इंदिरा गांधी का चुनाव रद्द कर दिया जाए। उस समय भारत का मतलब कांग्रेस और इंदिरा गांधी था। कांग्रेस ने सत्ता को बचाने के लिए देश में आपातकाल लगाया, जो कांग्रेस के अहंकार का सूचक है।”

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “कांग्रेस ने सत्ता का दुरुपयोग कर वह कार्य किया, जो उन्हें नहीं करना चाहिए था। अब कांग्रेस मुक्त भारत और सपा मुक्त प्रदेश बनाने का समय आ गया है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान के हत्यारों के साथ सपा ने गठबंधन किया और प्रतिपक्ष के नेता के संविधान की किताब लेकर जनता को गुमराह किया।”

उन्होंने कहा कि वह दुष्प्रचार संविधान को बचाने का नहीं, बल्कि कांग्रेस को पुनः सत्ता पर स्थापित करने का था लेकिन देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनाई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपातकाल दिवस मना रही है और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button