पंजाबराज्य

पंजाब सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 IAS अधिकारियों के तबादले

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह आइएएस अधिकारियों के तबादला एवं नई नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। 2004 बैच के आइएएस अधिकारी मनवेश सिंह सिद्धू को प्रशासनिक सचिव, श्रम विभाग के साथ-साथ पुनर्वास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसके अलावा उन्हें रूपनगर मंडल के अतिरिक्त आयुक्त तथा पंजाब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इस पद पर वह गिरीश दयालन की जगह कार्यभार संभालेंगे।
2011 बैच के आइएएस अधिकारी गिरीश दयालन को नई जिम्मेदारी देते हुए विशेष सचिव, जेल विभाग नियुक्त किया गया है।

इससे पहले वह रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं, पंजाब तथा पंजाब स्टेट कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड, पंजाब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड और मार्कफेड में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। 2012 बैच के आइएएस अधिकारी संयम अग्रवाल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव के रूप में तैनात किया गया है।

वह राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और एंटी ड्रग अभियान के नोडल अधिकारी का कार्य भी जारी रखेंगे। इसके साथ ही उन्हें रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं, पंजाब तथा पंजाब स्टेट कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

2013 बैच के आइएएस अधिकारी विशेष सारंगल को विशेष सचिव, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के साथ-साथ निदेशक, गुड गवर्नेंस एंड आइटी तथा पंजाब स्टेट ई-गवर्नेंस सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी जारी रखते हुए मार्कफेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

2014 बैच की आइएएस अधिकारी साक्षी साहनी को विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नियुक्त किया गया है। वह मिशन डायरेक्टर, नेशनल हेल्थ मिशन, पंजाब के साथ-साथ पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथारिटी की मुख्य प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी।

इसी तरह 2014 बैच के आइएएस अधिकारी प्रीत यादव को विशेष सचिव, रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग के साथ-साथ विशेष सचिव, व्यय (वित्त विभाग) की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button