राज्यहरियाणा

नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा चैप्टर लॉन्च किया

चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा में वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म- हरियाणा चैप्टर का शुभारंभ किया। यह पहल राज्य में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह पहल राज्य सरकार की उस दृढ़ प्रतिबद्धता और संकल्प को दर्शाती है, जिसके तहत घोषणाओं को शीघ्रता से धरातल पर उतारा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने 2 मार्च को अपने बजट भाषण के दौरान वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म-हरियाणा चैप्टर  शुरू करने की घोषणा की थी। बजट घोषणा के सात दिन के भीतर ही इस कार्यक्रम का शुभारंभ कर दिया गया, जो राज्य सरकार की तेज़ और परिणामोन्मुख कार्यशैली को दर्शाता है।

अपने बजट भाषण में माननीय मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य सरकार ने महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की भागीदारी को 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक ले जाने का संकल्प लिया है। वर्तमान में यह भागीदारी 51 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। इस प्रगति को और तेज़ी देने के लिए उन्होंने नीति आयोग की वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म के हरियाणा चैप्टर की स्थापना शीघ्र करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब अमल में लाया गया है।

वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म

वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म नीति आयोग की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में महिला उद्यमियों को सशक्त बनाना और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। यह मंच सरकारी संस्थानों, वित्तीय संस्थानों, उद्योग साझेदारों और मेंटर्स को एक साथ लाकर महिला उद्यमियों के लिए एक सशक्त और सहयोगी पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करता है।

इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिला उद्यमियों को मेंटॉरशिप, वित्तीय अवसर, बाज़ार तक पहुंच, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और नीतिगत सहयोग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे वे विभिन्न चुनौतियों को पार करते हुए अपने उद्यमों को आगे बढ़ा सकें।

हरियाणा चैप्टर के शुभारंभ के साथ राज्य सरकार का उद्देश्य महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, नवाचार को बढ़ावा देना और राज्य के समावेशी आर्थिक विकास में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाना है। यह पहल महिलाओं को नए अवसर प्रदान करते हुए उन्हें राज्य की विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button