राज्यहरियाणा

हरियाणा भाजपा में संगठनात्मक हलचल तेज, प्रभारी सतीश पुनिया की दिल्ली में बढ़ी सक्रियता

चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की नई अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के जिला स्तरीय अभिनंदन समारोहों के बीच प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया की दिल्ली में सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी लगातार मुलाकातों को हरियाणा संगठन की गतिविधियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. सतीश पुनिया हाल ही में राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

वीरवार को डॉ. सतीश पुनिया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष तथा केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से अलग-अलग समय पर मुलाकात की। बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में पंजाब भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे।

इससे पहले प्रभारी ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, हरियाणा भाजपा के सह प्रभारी सुरेंद्र नागर तथा त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रभारी बिप्लब कुमार देब से मुलाकात की थी। लगातार हो रही इन बैठकों ने राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा को बढ़ा दिया है।

हरियाणा भाजपा में इन दिनों नई प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के स्वागत और अभिनंदन कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। उनकी नियुक्ति से भाजपा में पूरा उत्साह है। विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास हो रहा है।

इसी बीच प्रदेश प्रभारी की दिल्ली में बढ़ी सक्रियता को भी संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और संगठन मंत्री बीएल संतोष के साथ डॉ. सतीश पुनिया की संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई है।

उधर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस समय पंजाब में पार्टी की गतिविधियों में व्यस्त हैं। वे वहां विभिन्न कार्यक्रमों, सम्मेलनों और प्रतिनिधिमंडलों के साथ बैठकों में भाग ले रहे हैं। साथ ही हरियाणा के प्रशासनिक कार्यों और जनसुनवाई के बीच संतुलन बनाए हुए हैं।

राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान भी चल रहा है। भाजपा की प्रदेश कमेटी के पुनर्गठन को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। ऐसे समय में प्रदेश प्रभारी की केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकातों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button