इग्नू में अग्निवीरों को स्नातक की डिग्री पाने का अवसर – प्रो हिमांशु शेखर सिंह

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने जानकारी दी कि अब अग्निवीर सेना में अपनी सेवा के साथ-साथ स्नातक की डिग्री भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे सेवा उपरांत उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2025 सत्र से अग्निवीरों के लिए बीए, बीएससी और बीकॉम सहित कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा प्रदान की है। बीए के लिए विशेष रूप से तीन पाठ्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2025 तय की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इस तिथि तक बिना विलंब शुल्क के पंजीकरण करा सकते हैं।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा के अनुसार इग्नू ने तीनों रक्षा बलों के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इसके तहत अग्निवीरों को कला, वाणिज्य और विज्ञान के साथ-साथ पर्यटन प्रबंधन तथा सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग जैसे विविध विषयों में अध्ययन का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सभी पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क और राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क के मानदंडों के अनुरूप होंगे। कार्यक्रम पूरा करने के बाद अग्निवीरों को स्नातक की उपाधि या डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी शैक्षणिक योग्यता और रोजगार के अवसर दोनों सशक्त होंगे।
जुलाई 2025 सत्र में स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीएसडब्ल्यू, बीटीएस, बीसीए और बीएससी सहित कई कार्यक्रमों में प्रवेश उपलब्ध है।





