पंजाबराज्य

एमपीलैड निधि में पारदर्शिता और गति पर सवाल, पंजाब के सांसदों का प्रदर्शन अलग-अलग

सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) के तहत निधि जारी करने में पंजाब के सांसदों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।

जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी जहां सबसे पीछे हैं, वहीं बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत काैर बादल 99 फीसदी राशि की सिफारिश कर शीर्ष पर हैं। आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि कई सांसदों ने पूरी राशि उपयोग में लाने की दिशा में तेजी दिखाई, जबकि कुछ अब भी सुस्त रफ्तार में हैं।विज्ञापन

जालंधर से सांसद चन्नी ने 9.80 करोड़ रुपये की आवंटित सीमा में से केवल 3.82 करोड़ रुपये के कार्यों की सिफारिश की है, जो करीब 33 फीसदी बनता है। इनमें से 1.55 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च हो चुकी है और 97.13 लाख रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। तीन कार्यों (17 लाख रुपये) को छोड़ अधिकांश सिफारिशें उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए ही की हैं।

प्रधान के क्षेत्र में विकास करवा रहे सांसद अमर सिंह

फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने 9.80 करोड़ में से 6.29 करोड़ रुपये (64%) जारी किए हैं। अब तक 2.52 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 84.90 लाख रुपये के कार्य पूरे हुए हैं। रोचक बात यह है कि अमर सिंह ने अपने क्षेत्र से अधिक कार्य लुधियाना संसदीय क्षेत्र में कराए हैं, जहां से पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सांसद हैं। रिकॉर्ड के अनुसार, उनकी 180 सिफारिशों में से लगभग 115 कार्य लुधियाना क्षेत्र से जुड़े हैं। कुछ कार्य मलेरकोटला में भी कराए गए हैं।

औजला ने की 6.53 करोड़ के कार्यों की सिफारिश

अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने 6.53 करोड़ रुपये (66%) के विकास कार्यों की सिफारिश की है। इनमें से 3.44 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 66.71 लाख रुपये के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। औजला ने अधिकांश कार्य अपने संसदीय क्षेत्र अमृतसर में ही कराए हैं।

दूसरी ओर, बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने 10.94 करोड़ रुपये की सीमा में से 10.93 करोड़ रुपये की सिफारिश कर 99 फीसदी उपयोग दर्ज किया है। अब तक 5.73 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 2.82 करोड़ रुपये के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। हालांकि, उनके कई कार्य श्री मुक्तसर साहिब में भी हुए हैं, जो फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र में आता है।

इन सांसदों ने खर्च की इतने प्रतिशत राशि

अन्य सांसदों में गुरदासपुर से सुखजिंदर सिंह रंधावा ने 87%, होशियारपुर से राज कुमार चब्बेवाल ने 97%, फिरोजपुर से शेर सिंह घुबाया ने 98%, संगरूर से गुरमीत सिंह मीत हेयर ने 80%, पटियाला से धर्मवीर गांधी ने 89%, आनंदपुर साहिब से मालविंदर सिंह कंग ने 86%, खडूर साहिब से सरबजीत सिंह खालसा ने 93% और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने 83% राशि की सिफारिश की है। आंकड़े बताते हैं कि सांसद निधि के उपयोग में पारदर्शिता और गति दोनों ही सवालों के घेरे में हैं। अब निगाह इस पर रहेगी कि शेष राशि कब तक विकास कार्यों में बदलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button