पंजाबराज्य

मोगा में युद्ध नशों के खिलाफ रैली 2.0 का दूसरा चरण शुरू, CM भगवंत मान ने कार्रवाई तेज करने का एलान

मोगा के गांव किल्ली चहल में सोमवार को आम आदमी पार्टी की राज्य स्तरीय मेगा रैली युद्ध नशों के विरुद्ध-2 में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत की। सीएम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने का ऐलान किया।

कई घंटों की अटकलों के बाद रैली स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री ने जिंदगी जिंदाबाद, नो मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए कहा कि पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संबोधन के अंत में उन्होंने लव यू ऑल कहकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों पर राजनीतिक व आर्थिक लाभ के लिए नशा नेटवर्क को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सप्लाई चेन तोड़ने, पीड़ितों के पुनर्वास और तस्करों की गिरफ्तारी पर एक साथ काम कर रही है। 1 मार्च 2025 से शुरू अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिलने का दावा करते हुए मान ने कहा कि अब यह लोक लहर बन चुकी है।

रैली को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा, कांग्रेस और शिअद (बादल) पर नशा कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जनभागीदारी से ही जीती जा सकती है और हर गांव को आगे आना होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक साल पहले 1 मार्च को पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ शुरू किया था। उस समय लोगों को थोड़ा कम भरोसा था। लोगों ने पुरानी सरकारें देखी थीं। पुरानी सरकारों में बातें बड़ी-बड़ी होती थीं लेकिन काम कुछ नहीं होता था। इसलिए लोगों में बहुत डर था और कोई सामने आकर नशा तस्करों की जानकारी देने के लिए तैयार नहीं था। लोगों को लगता था कि उन्हें डराया-धमकाया जाएगा और उनके परिवार को तंग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में 2,000 किलो से ज्यादा नशा पकड़ा गया है। नशा बेचने वालों के बड़े-बड़े बंगलों पर बुलडोजर चलाए गए और बड़े-बड़े तस्कर पकड़े गए हैं, जिनसे पहले लोग कांपते थे। इस कार्रवाई से लोगों को भरोसा होने लगा है।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि बड़ी मात्रा में नशे की बरामदगी से हजारों युवाओं को बचाया गया है और वीडीसी सदस्य सरकार के लाइव कैमरे हैं।

25 हजार युवाओं का पुनर्वास हुआ

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में 2,046 किलोग्राम नशा बरामद किया गया और 25 हजार युवाओं का पुनर्वास हुआ। वहीं, पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार नशे के मामलों में 34 हजार से अधिक एफआईआर दर्ज कर करीब 45 हजार गिरफ्तारियां की गई हैं। वीडीसी नेटवर्क से मिली सूचनाओं पर 3,000 तस्कर पकड़े गए। उन्होंने दावा किया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक सजा दर है। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने कहा कि अभियान की सफलता जनसहयोग पर निर्भर है। 43 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी में मदद करने वाले वीडीसी सदस्यों को मंच पर सम्मानित किया गया। अंत में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सदस्यों ने गांवों को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली।

मोगा में सड़क हादसे में छह पुलिसकर्मी जख्मी

मोगा के अजीतवाल के किल्ली चहला के पास पंजाब सरकार के युद्ध नशा विरुद्ध 2.0 रैली स्थल के पास एक सड़क हादसा हो गया। जयपुर से लुधियाना जा रही बस की कैंटीन की गाड़ियों से टक्कर हो गई। हादसे में 6 पुलिस कर्मी जख्मी हो गए हैं। जख्मियों को मोगा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button