पंजाबराज्य

पंजाब धमाकों पर बयान से सियासी घमासान, BJP ने CM मान को भेजा लीगल नोटिस

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए 2 धमाकों को लेकर BJP पर दिए गए सीएम भगवंत मान के बयान पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सीएम भगवंत मान को आपराधिक मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब सीएम का बयान अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना, झूठा, मानहानिकारक और राजनीतिक दुर्भावनापूर्ण है। सीएम मान ने बिना किसी विश्वसनीय सबूत के गलत जानकारी फैलाने और सार्वजनिक अशांति भड़काने तथा सार्वजनिक व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास किया है। जिसके लिए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है।

CM पद की गरिमा को तार-तार किया

तरुण चुघ ने कहा कि धमाकों के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान बहुत ही अनुचित, बेतुका और आपराधिक मानसिकता से भरा हुआ है। वह अपराधियों को पकड़ने के बजाय इन गंभीर कृत्यों का आरोप बेबुनियाद तरीके से भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लगा रहे हैं। चुघ ने आगे कहा कि बिना किसी सबूत के भाजपा पर बम धमाकों का आरोप लगाकर सीएम भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद की गरिमा को तार-तार किया है। क्योंकि सीएम का बयान उनके अपने DGP के बयान के ही विपरीत है। जिसमें पंजाब पुलिस ISI और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की बात कर रही है।

7 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगे

तरुण चुघ ने कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर सीएम भगवंत मान अपना बयान वापस लेकर बिना शर्त सार्वजनिक माफी नहीं मांगते तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनसे अदालत में मुलाक़ात होगी। या तो वे माफी मांगे या फिर सबूत सामने लाएँ। अब पंजाब की जनता भी जानना चाहती है- सबूत कहां हैं? अब जनता जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री पंजाब की सुरक्षा कर रहे हैं या राष्ट्रविरोधी ताकतों को राजनीतिक कवर दे रहे हैं? चुघ ने कहा कि पंजाब आज नशे, बम धमाकों, गैंगस्टर नेटवर्क और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, लेकिन भगवंत मान सरकार अपनी हर विफलता को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है. पंजाब को ड्रामेबाजी नहीं, बल्कि जिम्मेदार शासन चाहिए।

क्या कहा था CM मान ने?

दरअसल एक दिन पहले अपनी शुक्राना यात्रा के दौरान सीएम भगवंत मान जब मीडिया से बातचीत कर रहे थे तो उनसे धमाकों को लेकर सवाल किया गया था। इसके बाद उन्होंने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया था और कहा था कि ये धमाके पंजाब में बीजेपी की चुनावी तैयारी है। बीजेपी हिंसा फैलाकर और लोगों को डराकर वोट लेती है। लेकिन बीजेपी को ये छोटे-मोटे धमाके कराकर पंजाब से वोट नहीं मिलने वाले। इसलिए बीजेपी इससे बाज आ जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button