भव्य भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, झांकी और कीर्तन में गूंजे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे…..

मोहनलालगंज, लखनऊ। सावन के चतुर्थ सोमवार को मोहनलालगंज के मऊ सिनेमा हॉल के पास श्री अमरनाथ सेवा दल मोहनलालगंज-मऊ द्वारा भव्यता के साथ द्वितीय भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का आयोजन भक्तिमय माहौल में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा अमरनाथ की मनमोहक झांकी के दर्शन किए और कीर्तन में सहभागिता कर माहौल को शिवमय बना दिया।भंडारे की शुरुआत बाबा की भव्य झांकी निकालने से हुई, जिसके साथ कीर्तन मंडली द्वारा शिव भजनों का गायन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे जोश और आस्था के साथ ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।भंडारे में प्रसाद के रूप में खीर, छोला-चावल, पूड़ी-सब्ज़ी का वितरण किया गया। खास बात यह रही कि बच्चों के लिए आइसक्रीम और मैक्रोनी की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा था। बूढ़े, बच्चे और जवान सभी ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया।इस आयोजन में मुख्य सेवादार के रूप में शिव प्रकाश गुप्ता उर्फ बेटू, प्रशांत गुप्ता, मदन मोहन मिश्रा, नीरज गुप्ता, घनश्याम, अक्षत गुप्ता, मनीष तिवारी, शिवम, अभिषेक, रूपांशु, गोपाल बाजपेई, एडवोकेट गौरव जायसवाल, योगेश गुप्ता, विनोद जायसवाल, विवेक गुप्ता, संदीप गुप्ता सहित लल्लू कैटर्स और अनेक श्रद्धालु आयोजन में सेवा कार्य करते नजर आए।भंडारे की संपूर्ण व्यवस्था सेवा भाव और अनुशासन के साथ की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे, जिससे सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार बना रहे।यह आयोजन सावन के पावन महीने में शिवभक्तों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा और पूरे क्षेत्र में इसकी भव्यता चर्चा का विषय बनी रही।





