अंतर महाविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में जीत हासिल कर राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय का नाम किया रोशन

फरीदपुर बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली में बुधवार को आयोजित अंतर महाविद्यालययी खेलकूद प्रतियोगिता में तीरंदाजी वर्ग में राजकीय महाविद्यालय फरीदपुर के छात्र छात्राओं ने जीत का परचम लहराते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय की एमए प्रथम सेमेस्टर की संस्कृत विषय की छात्रा याज्यिका आर्या ने महिला तीरंदाजी वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र अर्पित ने तीरंदाजी में द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक प्राप्त किया और बीए तृतीय सेमेस्टर के छात्र शिवांश पाल तृतीय स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक झटका। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ पूनम सक्सेना, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी एवं क्रीड़ा सचिव डॉ अमितकुमार सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने विजेता छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बृहस्पतिवार को महाविद्यालय में मिशन शक्ति के पांचवें चरण में कार्यक्रम की संयोजिका डॉ प्रगति चौधरी के नेतृत्व मे महिलाओं के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराध पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमे मुख्य वक्ता डॉ दिलीप कुमार चौरसिया साइबर सुरक्षा के विविध पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्राओं ने गहरी रुचि दिखाते हुए कई तरह के प्रश्न भी किए जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अध्यापक गण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





