
रायपुर : बीजेपी की किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कृषि मंत्री समेत सीएम विष्णुदेव साय शामिल हुए. इस बैठक में आवास एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला किया है. तोखन साहू ने कहा कि ठगने का काम कांग्रेस शासन में हुआ है,जबकि मोदी के राज में जो वादे किए गए थे वो किए जा रहे हैं.
बीजेपी निरंतर संगठन को आगे बढ़ाने का कर रही काम
आवास एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर संगठन को आगे बढ़ाने के लिए काम करती है. किसान मोर्चा हमारा एक मजबूत संगठन है. हर व्यक्ति किसान है, चाहे वह नौकरी पेशा वाला हो, चाहे वह व्यापारी हो, चाहे किसान हो सब किसान ही हैं. किसानों के माध्यम से पार्टी को और मजबूत करना चाहते हैं. जब हमारा किसान मोर्चा मजबूत होगा तो पार्टी मजबूत होगी तो देश मजबूत होगा. किसान मोर्चा बहुत उत्साह और ऊर्जा के साथ काम कर रहा है. हर एक बूथ पर किसान मितान का 10-10 जवान खड़ा करेंगे. यह किसान मोर्चा का संकल्प है.
भूपेश बघेल पर साधा निशानाआवास एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू ने कांग्रेस को लेकर कहा कि ठगने का काम तो भूपेश बघेल ने किया है. ऐसा कोई सगा नहीं जिसको भूपेश बघेल ने ठगा नहीं. हमने तो जो जो मोदी की गारंटी में घोषणा पत्र में जो वादे किए थे. वह पूरे किए हैं. हमने कहा था प्रधानमंत्री आवास देंगे. आज प्रतिदिन 1600 आवास बनाकर जनता को समर्पित कर रहे हैं. हमारी सरकार 3100 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीद रही है. एक मुश्त भुगतान कर रहे हैं. महतारी वंदन का पैसा हर महीने माता बहनों के खातों में जा रहा है. हम सभी काम कर रहे हैं. वह भी पूरी ताकत के साथ कर रहे हैं.
किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ में है.किसानों को धान खरीदी केन्द्रों में लाइन ना लगाना पड़े इसके लिए 354 नए केंद्र खोले जा रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के हित में किसानों की भलाई के लिए काम कर रही है. विपक्ष अब दिशाहीन हो गया है. विपक्ष की बात को सुनने वाला अब इस देश में कोई नहीं है. इसलिए विपक्ष तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाते हैं. विपक्ष के पास ना तो कोई नीति है ना कोई विकास के रोड मैप हैं और ना ही देश की जनता विश्वास में लेती है. ऐसे में विपक्ष कुछ भी कहे कुछ भी करें कोई सुनने वाला नहीं है. ना उनके पास कोई नेता है और ना ही उनके पास कोई नीतियां हैं- तोखन साहू, केंद्रीय राज्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों को धान खरीदी के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे. किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया. करीब 11 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.
प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है. केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सफलता मिली है. प्रदेश लगातार नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है. संवेदनशील क्षेत्रों में विकास कार्यों के विस्तार, शिक्षा के स्तर में सुधार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की- विष्णुदेव साय,सीएम छग
इस बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि हमने कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों का बोध कराया और किसान और कृषि के महत्व को बारीकी से कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया. केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है.


