विश्वविद्यालय उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए निर्मित करेगा परिवेश – कुलपति

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग के प्रो. सीके मिश्र, डॉ. पीके द्विवेदी एवं सचिन कुमार के शोधपत्र ने नेचर इंडेक्स संस्थागत रैंकिंग 2024- 25 में राज्य विश्वविद्यालयों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। अवध विश्वविद्यालय ऑल इंडिया रैंकिंग समग्र श्रेणी में 137 वां स्थान फिजिकल साइंसेज डिसिप्लिन में 85 वां एवं एकेडमिक रैंकिंग के तहत 114वां स्थान हासिल कर शोध उत्कृष्टता का प्रतिमान स्थापित किया है। वर्ष 2024- 25 में पहली बार अवध विश्वविद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे यह सिद्ध होता है कि गुणवत्ता परक शोध कार्यों में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालय अब वैश्विक एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच बना रहे हैं। वर्ष 2024- 25 में दो राज्य विश्वविद्यालय ने यह उपलब्धि हासिल की है इसमें प्रथम डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं द्वितीय स्थान अवध विश्वविद्यालय को प्राप्त हुआ है।विश्वविद्यालय के शिक्षकों की इस उपलब्धि पर कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि नेचर इंडेक्स रैंकिंग में विश्वविद्यालय को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त होना गौरव का पल है। इससे विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शोध कार्यों में कार्य करने का परिवेश निर्मित होगा। विश्वविद्यालय में गुणवत्तापरक शोध कार्यों को करने के लिए शैक्षिक वातावरण तैयार किया जाएगा जो विश्वविद्यालय को वैश्विक पटल पर अपनी गरिमापूर्ण उपस्थिति दर्ज कराए। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने उपलब्धपूर्ण शोध कार्य के लिए शिक्षकों को बधाई दी है। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी हर्ष व्यक्त किया है। नेचर इंडेक्स स्प्रिंगर नेचर द्वारा प्रकाशित एक डेटाबेस है जो दुनिया के 145 प्रतिष्ठित वैज्ञानिक जर्नलों में प्रकाशित शोध लेखों को ट्रैक करता है। इसका उपयोग संस्थानों और देशों को उनके शोध आउटपुट और योगदान के आधार पर रैंक करने के लिए किया जाता है, जो वैश्विक उच्च-गुणवत्ता वाले अनुसंधान के संकेत के रूप में काम करता है। स्प्रिंगर नेचर एक अकादमिक प्रकाशन संस्था है जो विज्ञान और चिकित्सा से संबंधित कई जर्नलों, पत्रिकाओं और ऑनलाइन डेटाबेस का प्रकाशन करती है।




