पंजाबराज्य

पंजाब विधानसभा का 13वां सत्र आज से, जनहित के मुद्दों पर सरकार-विपक्ष में होगी बहस

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा का 13वां सत्र सोमवार से शुरू होगा। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली कार्यवाही की शुरुआत चार दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। इनमें पूर्व विधायक साही राम बिश्नोई, शहीद सिपाही सरबजीत सिंह, स्वतंत्रता सेनानी सेवा सिंह और खिलाड़ी रणधीर सिंह शामिल हैं।

श्रद्धांजलि के बाद प्रश्नकाल आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष और सचिव की ओर से आवश्यक घोषणाएं की जाएंगी। सदन में विभिन्न जनहित के मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे।

स्थायी पुल निर्माण का मामला सदन में उठेगा

कार्यसूची के अनुसार, विधायक डॉ चरणजीत सिंह खरड़-बस्सी पठाना मार्ग पर स्थायी पुल निर्माण का मामला उठाएंगे। विधायक डॉ जसबीर सिंह संधू मुख्यमंत्री सेहत योजना में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) के इलाज को शामिल करने की मांग रखेंगे। वहीं विधायक बलकार सिंह सिद्धू रामपुरा फूल स्थित सरकारी मिडिल स्कूल (ग्राउंड वाला स्कूल) की जर्जर इमारत का मुद्दा सदन में उठाएंगे।

सत्र के दौरान बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की पहली रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएगी, जिस पर चर्चा के बाद सदन की सहमति ली जाएगी। विधानसभा की कार्यवाही में विधायी कामकाज भी होगा। सरकार पंजाब कामन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) संशोधन विधेयक, 2026 सदन में पेश करेगी।

सत्र के पहले दिन सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं। राजनीतिक दलों की नजरें भी इस सत्र पर टिकी हुई हैं, क्योंकि कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का रुख और विपक्ष की रणनीति सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button