Uncategorizedउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

मायावती का बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री अनन्त मिश्रा बसपा से निष्कासित

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनन्त कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रहे अनन्त कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से बाहर किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का माहौल तेजी से गर्म हो रहा है। ऐसे समय में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विरोधियों के हर प्रकार के राजनीतिक हथकंडों से सावधान रहने की जरूरत है। मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को सफल बनाने के लिए चुनावी तैयारियों में जुट जाएं।

संसद गतिरोध पर सत्ता और विपक्ष को घेरा

मायावती ने संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पक्ष अपने-अपने राजनीतिक हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसका नुकसान संसदीय व्यवस्था को हो रहा है।

बसपा प्रमुख ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (FCRA) का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इसे महत्वपूर्ण बताते हुए जल्द पारित कराना चाहती थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के बाद इसे संसद की संयुक्त समिति के पास भेजना पड़ा।

उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष संसद की कार्यवाही चलने देता तो वह विधेयक की कमियों को सदन में उठाकर देश के सामने रख सकता था। लेकिन सदन की कार्यवाही बाधित होने के कारण जनता को विस्तृत चर्चा का अवसर नहीं मिल सका।

मायावती ने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा लगातार संसद की कार्यवाही बाधित किए जाने का फायदा सरकार उठा रही है और कई महत्वपूर्ण विधेयक बिना पर्याप्त चर्चा के पारित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि वे जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करें और संसदीय परंपराओं को मजबूत बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button