पठानकोट में दर्दनाक सड़क हादसा, दो की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने निजी बस में लगाई आग

पठानकोट। पंजाब के पठानकोट में बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। जम्मू की ओर जा रही एक निजी कंपनी की बस ने पहले स्कूटी और फिर एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से नाराज लोगों ने बस में आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निजी कंपनी की बस जम्मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसने पहले एक स्कूटी को अपनी चपेट में लिया और फिर एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। दो लोगों की मौत से आक्रोशित भीड़ ने निजी बस में आग लगा दी। देखते ही देखते बस पूरी तरह जल गई। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
फरार बस चालक की तलाश जारी
थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
read also :





