
रायपुर: रायपुर लोकसभा सीट से सांसद और वरिष्ठ बीजेपी नेता बृजमोहन अग्रवाल को मोदी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. सांसद बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार ने भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है. इस नियुक्ति के साथ ही केंद्र में बृजमोहन अग्रवाल की भूमिका और जिम्मेदारियों का दायरा और बढ़ गया है.
केंद्र ने दी सांसद बृजमोहन अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की इस उच्चस्तरीय हिन्दी सलाहकार समिति के अध्यक्ष केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू हैं, जबकि राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन समिति के उपाध्यक्ष हैं. समिति में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की सदस्य के रूप में नियुक्ति को उनके लंबे राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राजभाषा के प्रगतिशील प्रयोग पर रहेगा जोर
हिन्दी सलाहकार समिति का प्रमुख उद्देश्य संविधान, राजभाषा अधिनियम और उससे जुड़े नियमों में राजभाषा के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है. इसके साथ ही मंत्रालय के प्रशासनिक कामकाज, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में राजभाषा हिन्दी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देना भी समिति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर तक बृजमोहन की भूमिका
बृजमोहन अग्रवाल की यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहने के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही है. रायपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व करते हुए केंद्र की महत्वपूर्ण समितियों और दायित्वों में उनकी भूमिका छत्तीसगढ़ की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखने के लिहाज से भी अहम है.
हिन्दी जन-जन को जोड़ने वाला सेतु: बृजमोहन
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय एकता और जन-गण-मन को जोड़ने वाला सेतु है. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की कार्यप्रणाली में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग से सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ आम लोगों तक और सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा.
केंद्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है उसका निर्वहन मैं पूरी इमानदारी से करूंगा. मुझे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया इसके लिए मैं लोकसभा अध्यक्ष, ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के प्रति आभार व्यक्त करता हूं: बृजमोहन अग्रवाल, बीजेपी सांसद, रायपुर लोकसभा सीट
सलाहकार समिति में बृजमोहन अग्रवाल की नियुक्ति
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति में बृजमोहन अग्रवाल की नियुक्ति को उनके राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक समझ के साथ-साथ छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय राजनीति में उनकी बढ़ती जिम्मेदारी और प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है. नई जिम्मेदारी मिलने से खुद सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी खुश हैं.
बृजमोहन अग्रवाल से जुड़ी बड़ी बातें
बृजमोहन अग्रवाल छत्तीसगढ़ के रायपुर से लोकसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. बृजमोहन अग्रवाल की गिनती जनप्रिय नेताओं में की जाती है. बृजमोहन अग्रवाल लगातार 8 बार विधायक रह चुके हैं और मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री का दायित्व निभा चुके हैं. साल 2024 आम चुनावों में वे रायपुर लोकसभा सीट से भारी मतों से जीतकर संसद पहुंचे. राजनीति में उन्हें एक कद्दावर और जमीनी नेता माना जाता है, रायपुर क्षेत्र की जनता और प्रदेश की राजनीति में उनकी पैनी पकड़ है.


