अयोध्याउत्तर प्रदेश

अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत खेल समारोह कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम- खम

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के 30वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित दीक्षांत खेल समारोह का दूसरा दिन आज उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। यह भव्य आयोजन माननीय कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में 08 से 10 अक्टूबर 2025 तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएँ संचालित की जा रही हैं। आज के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य कुलानुशासक प्रो संतशरण मिश्र द्वारा किया गया। कुलानुशासक ने खिलाड़ियों में जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार किया। विश्वविद्यालय परिसर खेल प्रेम और उत्साह के वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 टीमों एवं महिला वर्ग की 4 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट फुर्ती, संयम और टीम भावना का परिचय दिया। पुरुष वर्ग के फाइनल मैच में अवध विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम ने राजा भगवान बक्श पी.जी. कॉलेज को 33–7 के शानदार अंतर से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में गनपत सहाय पी.जी. डिग्री कॉलेज सुल्तानपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शारीरिक शिक्षा विभाग ने विश्विद्यालय परिसर को 28–23 अंकों से मात देकर विजेता का खिताब हासिल किया। पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में आदित्य कुमार सिंह का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा, जिन्होंने अपने दमदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया और प्रतियोगिता का आकर्षण केंद्र बने। इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, डीएसडब्लू प्रो. नीलम पाठक, सचिव – क्रीड़ा परिषद प्रो आशीष प्रताप सिंह, प्रो॰ शैलेन्द्र वर्मा, डॉ राना रोहित सिंह, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. अंशुमान पाठक , पार्षद अमर राव राहुल तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। खेल समारोह के सफल आयोजन में डॉ. कपिल सिंह राणा और कुमार मंगलम सिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही, जिनके संयोजन और कुशल प्रबंधन से प्रतियोगिताएँ सुचारू रूप से सम्पन्न हो रही है। मंच संचालन डॉ. अर्जुन सिंह ने किया। समापन सत्र में अतिथियों एवं निर्णायकों का विश्वविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button