
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में इस समय सत्ता पक्ष और विपक्ष के दिग्गज नेता के बीच खुली बहस चर्चा में बनी हुई है. बीते दिनों पूर्व सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना पर आमने सामने हुए. अब बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बहस के लिए आमंत्रित किया है.
भूपेश बघेल शुक्रवार को भिलाई के गणेश पंडालों के दौरे पर थे. अलग अलग पंडाल में गणेश पूजा की अर्चना के बाद पूर्व सीएम ने मीडिया के सामने छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला.
भूपेश ने कहा-छत्तीसगढ़ सरकार अब तक पीएम आवास के नाम पर अफवाह फैलाती आई, लेकिन मंगलवार को हुई बहस के बाद इस बात का पर्दाफाश हो गया है कि बीजेपी झूठ बोलती है.
पूर्व सीएम ने आगे कहा- हसदेव अरण्य और तारा कोल ब्लॉक के मामले में भी बीजेपी झूठ फैला रही हैं. 11 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री का पत्र जाने के बाद कोल ब्लॉक की नीलामी हुई है. बघेल ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान कोल ब्लॉक की नीलामी पर रोक लगाई थी, 40 खदानों को नीलामी से बाहर किया था. 11 दिसंबर 2025 को इनका पत्र जाने से ही कोल ब्लॉक की नीलामी फिर से शुरू हुई. भूपेश ने साय सरकार पर अडानी की दलाली करने का भी आरोप लगाया.
मुख्यमंत्री जी आप में हिम्मत है तो सीधी चुनौती है, सामने आकर बहस करो, आपके पास भी पत्र है, मेरे पास भी पत्र है- भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में सीएम के चार दावेदार !
मुख्यमंत्री पद के चार दावेदारों को लेकर दीपक बैज के बयान पर भूपेश बघेल कहा कि अभी चुनाव काफी दूर है, इसलिए इस मुद्दे पर अभी चर्चा करना जल्दबाजी होगी.
लोकल ट्रेन सेवा फिर शुरू करने की मांग
वहीं बघेल ने सी केबिन, जी केबिन, डी केबिन में लोकल ट्रेन नहीं रोकने को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा- सी केबिन, जी केबिन, डी केबिन में रहने वाले सैकड़ों लोग उनसे मिलने आए थे. उन्होंने बताया कि वहां से रोज सैकड़ों लोग रोजी रोटी के लिए लोकल ट्रेन के जरिए रायपुर दुर्ग भिलाई आना जाना करते थे. लोकल ट्रेन आवागमन का बहुत बड़ा साधन था, जिसे रेल मंत्रालय ने रोक दिया है. बघेल ने बताया कि डीआरएम को पत्र लिखा है और लोकल ट्रेन सी केबिन, जी केबिन, डी केबिन में रोकने की मांग की है. रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे पर उन्होंने कहा कि रेल से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा.
सेक्टर 1 गणेश पंडाल की तारीफ
पूर्व सीएम ने भिलाई के गणेश पंडालों का दौरा किया. उन्होंने कहा कि सेक्टर 1 का गणेश पंडाल बहुत खूबसूरत है. समुद्र के अंदर के दृश्य की थीम पर बनाया गया. कोलकाता के कारीगरों ने 2 महीने में ये पंडाल तैयार किया. समुद्री जीवन के बारे में बच्चों को लिए बहुत ही आकर्षक है, छत्तीसगढ़ में ऐसा पहला पंडाल हो सकता है. गणेश समिति को बहुत बधाई.

