उत्तर प्रदेश

‘पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी’: बारिश के बीच राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर जले 3.5 लाख दीप, सीएम योगी ने बच्चों को बांटी चॉकलेट

 लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 76वां जन्मदिवस राजधानी में यादगार बन गया। बारिश के बाद भी राष्ट्र प्रेरणा स्थल में साढ़े तीन लाख दीये शाम होते ही जगमगा उठे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम व सेवा संकल्प के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप जलाकर अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद किया। मोबाइल से वीडियो बनाया और वहां मौजूद छात्रों को चाकलेट दी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश को विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित हो रहे हैं।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल ही नहीं प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं। उन्होंने अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों का अभिनंदन किया।

सीएम योगी ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि व प्रधानमंत्री मोदी को नए भारत का शिल्पी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अपनी नई पहचान बनाई है और नए भारत का दर्शन हो रहा है। हर क्षेत्र के व्यक्ति को इस बदलाव पर गौरव की अनुभूति हो सकती है।

भारत आज नई पहचान, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक में नेतृत्व देने वाले देश के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पीएम को देश की विकास यात्रा का नेतृत्व करने वाला बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता उनके साथ खड़ी है।

यहां उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार व सचिव सुशील प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

प्रेरणा स्थल का लोगो व राम मंदिर की बनी आकृति

समारोह में शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं व स्वयंसेवकों सहित लगभग 10 हजार प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, जयपुरिया कालेज, गोयल इंस्टीट्यूट आफ हायर स्टडीज, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं वालंटियर्स ने कार्यक्रम में भाग लिया।

प्रेरणा स्थल को 59 सेक्टर में बांटा गया था। 11 घंटे की मेहनत से 5000 मीटर लंबी दीप श्रृंखला बनायी गयी। वहीं, मुख्य मंच के पास 19 हजार दीयों की साज-सज्जा से एलडीए व राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोगो और राम मंदिर की आकर्षक आकृति बनायी गयी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button