राज्यहरियाणा

करनाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरकार पर उठाए सवाल, MSP और कानून-व्यवस्था का मुद्दा

करनाल: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने करनाल दौरे के दौरान प्रदेश सरकार और केंद्र की नीतियों पर जमकर निशाना साधा. पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, “इस समय सभी कांग्रेस जनों का एक ही मुख्य लक्ष्य है कांग्रेस पार्टी को संगठन स्तर पर मजबूत करना और भारतीय जनता पार्टी को हरियाणा से बाहर का रास्ता दिखाना.”

किसानों को MSP देने की मांग: किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, “किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं और सरकार को उनके हितों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए. हमारी मांग है कि करनाल और आसपास के क्षेत्रों में धान की खरीद तथा महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी बेल्ट में बाजरे की फसल की खरीद बिना किसी देरी के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की जानी चाहिए.”

​कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल: प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि, “जब से हरियाणा राज्य का गठन हुआ है, तब से लेकर आज तक ऐसी बदहाल स्थिति कभी नहीं देखी गई. आज अपराधी खुलेआम बेखौफ घूम रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित तथा ठगा हुआ महसूस कर रही है.”

​प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर फिजूलखर्ची पर कटाक्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिए जलाने और आयोजित कार्यक्रमों पर तीखा प्रहार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे सरकारी धन की बर्बादी करार दिया. उन्होंने कहा कि, “जन्मदिन हर व्यक्ति का हर साल आता है, ऐसे में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से करोड़ों रुपए खर्च करना बिल्कुल भी उचित नहीं है.​ एक तरफ देश की जनता को सलाह दी जाती है कि वे सोना न खरीदें और विदेश न जाएं, वहीं दूसरी तरफ सरकार ऐसे आयोजनों पर पानी की तरह पैसा बहा रही है.”

महंगाई की मार से आम जन बेहाल: बढ़ती महंगाई का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि, “आज सरसों का तेल, चीनी और खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं. महंगाई का सबसे बुरा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है. हालात इतने विकट हो चुके हैं कि आज एक गरीब आदमी के लिए चाय पीना भी मुश्किल हो गया है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button