
जमशेदपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जमशेदपुर के सदर अस्पताल में हेल्प क्रॉस सोसाइटी व भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों के बीच कृत्रिम अंग और अन्य सहायता सामग्री का वितरण किया.
इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए जरूरतमंद की सहायता करना सराहनीय पहल है. कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिव्यांगों के बीच कृत्रिम अंग, हियरिंग मशीन, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न प्रकार की सहायता सामग्री का वितरण किया.
हेल्प क्रॉस सोसाइटी के चेयरपर्सन कुलवंत सिंह बंटी और अध्यक्ष बीके शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एके लाल, वर्तमान सिविल सर्जन डॉ. साहिल पाल समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
पीएम मोदी देश की सेवा में निरंतर सक्रियः रघुवर दास
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश की सेवा में सक्रिय हैं. प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में उनके कार्य और समर्पण का निरंतर विस्तार हुआ है और वे देशहित में लगातार काम कर रहे हैं. रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सराहनीय पहल है. दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने से उन्हें दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिलेगी और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे.
पूर्व सीएम ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
सेवा कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सकों और अस्पताल के कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विस्तार से जानकारी ली. रघुवर दास ने इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की व अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की.

