पंजाब कैबिनेट के बड़े फैसले: 3 अगस्त से मानसून सत्र, 10 लाख नए राशन कार्ड बनेंगे

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई पंजाब कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में जनकल्याण, प्रशासन और रोजगार से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 10 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग में एएसआई (ASI) रैंक पर सीधी भर्ती, ग्रामीण रोजगार मिशन के लिए कैबिनेट सब-कमेटी का गठन, कलकट भवन में स्टार्टअप सेंटर की स्थापना तथा नहरों और ड्रेनों की डी-सिल्टिंग अवधि बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।
पंजाब में बनेंगे 10 लाख नए राशन कार्ड
कैबिनेट बैठक में राज्य के पात्र परिवारों के लिए 10 लाख नए राशन कार्ड जारी करने का फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी, जिसमें आवेदन करने के लिए 21 दिन का समय दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिक जन सेवा केंद्र या खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा जिन परिवारों को राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ना है, वे भी इस प्रक्रिया का लाभ उठा सकेंगे।
प्रवासी मजदूरों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में रहकर काम करने वाले प्रवासी मजदूर भी नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे, ताकि उन्हें भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का लाभ मिल सके।
डिजिटल सत्यापन से होगी पूरी प्रक्रिया
सीएम मान ने कहा कि राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में अब मैनुअल की बजाय डिजिटल सत्यापन किया जाएगा। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनेगी तथा पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव के योजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पहले कई बार राजनीतिक कारणों से पात्र लोगों के नाम सूची से हटाए जाने की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब ऑनलाइन और डिजिटल प्रणाली के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और किसी को किसी के सामने सिफारिश या आग्रह करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।





