लखनऊ में बनेगा भाजपा का अत्याधुनिक प्रदेश कार्यालय, 45 करोड़ में खरीदी जमीन

aryan Srivastava
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए राजधानी लखनऊ में नया एवं अत्याधुनिक प्रदेश कार्यालय बनाने जा रही है। पार्टी ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ई-नीलामी के माध्यम से जियामऊ क्षेत्र में भूमि खरीद ली है। भाजपा ने सबसे ऊंची बोली लगाते हुए लगभग 45 करोड़ रुपये में यह भूखंड अपने नाम किया।
सूत्रों के अनुसार, नए प्रदेश कार्यालय का भवन 6 से 10 मंजिल तक का हो सकता है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। परिसर में लगभग 1000 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, डिजिटल वॉर रूम, आधुनिक मीटिंग हॉल, कार्यालय कक्ष तथा बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि भवन की शीर्ष मंजिल पर हेलीपैड बनाने की योजना भी प्रस्तावित है, जिससे यह देश के सबसे आधुनिक राजनीतिक कार्यालयों में शामिल हो सके।
सूत्रों के मुताबिक, नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास जुलाई माह में किया जा सकता है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि नया प्रदेश कार्यालय संगठन की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। डिजिटल तकनीक, बेहतर संवाद व्यवस्था और बड़े स्तर के राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के संचालन के लिए इसे आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।





